बालुरघाट: उत्तर दिनाजपुर में आदिवासी लड़कियों के साथ दुष्कर्म के बाद भड़की आग अभी पूरी तरह ठंडी भी नहीं हुई है कि अब दक्षिण दिनाजपुर में एक आदिवासी युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है. इस घटना में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. गुरुवार को आरोपियों को दक्षिण दिनाजपुर जिला अदालत में पेश किया गया. पुलिस की ओर से आरोपियों की सात दिनों की रिमांड मांगी गयी. न्ययाधीश ने तीन दिनों की पुलिस रिमांड दी है.
उल्लेखनीय है कि दुर्गापूजा के दो दिनों के बाद बालुरघाट थाना अंतर्गत कामारपाड़ा इलाके के तीन युवकों ने एक आदिवासी युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश की. इस आरोप पर बुधवार को स्थानीय तृणमूल कांग्रेस पार्टी कार्यालय में बैठक भी बुलाया गया. लेकिन समस्या का कोई हल नहीं निकला. इसके बाद वहां के 512 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आदिवासी समाज के सैंकड़ो लोगों ने विरोध प्रदर्शन के बाद पथावरोध किया. घटनास्थल पर विशाल पुलिस बल पहुंची. पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप से पथावरोध हटा लिया गया. पुलिस वालों ने आरोपियों के उसी रात के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था. उसके अनुसार बालुरघाट थाना पुलिस ने उसी रात आरोपी प्रियजीत सिंह, लाल्टु माहतो व पीयुष सरकार को गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को तीनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर तीन दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
डीएसपी हेड क्वाटर सौम्यजीत बड़ुआ ने बताया कि अदालत के पास सात दिनों का पुलिस रिमाड मांगा गया था. हालांकि अदालत ने तीन दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा है. मामले की छानबीन जारी है.
