28 अप्रैल 2014 को बड़तल्ला इलाके से हुआ था गिरफ्तार
दो किलो चरस के साथ पकड़ा गया था युवक
कोलकाता : उत्तर कोलकाता के बड़तल्ला इलाके में दो किलो चरस के साथ गिरफ्तार पोलैंड के नागरिक को महानगर के फर्स्ट ट्रैक सिटी सेशन कोर्ट ने सुनवाई के दौरान दोषी पाते हुए गुरुवार को उसे 10 वर्ष की सजा सुनाई.
इसके साथ एक लाख रुपये जुर्माना देने का भी निर्देश दिया. ड्रग्स के साथ गिरफ्तार युवक का नाम जेड्रेजेज जेरिस्की (29) है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसके पास से जब्त चरस की कीमत बाजार में तकरीबन 50 लाख रुपये थी. अदालत में सुनवाई के दौरान फर्स्ट ट्रैक सिटी सेशन कोर्ट के स्पेशल जज संजय मुखर्जी ने उसे दोषी पाया और 10 साल की सजा सुनाई. गिरफ्तार युवक पोलैंड का नागरिक है. नेपाल के रास्ते कोलकाता में इतने परिमाण में ड्रग्स बेचने के लिए आया था, जिसे पुलिस ने रंगेहाथों गिरफ्तार किया था.
