केशियारी (गारबेटा) पश्चिम बंगाल : केंद्र में नई सरकार की लगाम तृणमूल कांग्रेस के हाथों में रहने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज कहा कि पिछले वाम मोर्चा सरकार द्वारा लिए गए रिण के बोझ के एवज में दिल्ली द्वारा राज्य के धन में कटौती को अब भविष्य में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पूर्व में माओवादियों का गढ रहे पश्चिमी मिदनापुर जिले के गढ केशियारी और गारबेटा में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा, ‘‘ तृणमूल कांग्रेस के हाथ में दिल्ली की सरकार की लगाम होगी. केंद्र ने पिछले तीन सालों में रिण के ब्याज के रुप में बंगाल से 86 हजार करोड रुपया लिया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ वे विकास कार्यो को रोकने के लिए हमें धन से वंचित कर रहे हैं.
वे 100 दिन के काम के लिए धन नहीं दे रहे हैं. हम दिल्ली को भविष्य में धन में कटौती नही करने देंगे.’’ भाजपा पर दंगे फैलाने का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि लोगों को भाजपा, कांग्रेस या माकपा को वोट नहीं देना चाहिए जिन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ हाथ मिला लिए हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा. नहीं, नही नहीं वे दंगे फैलाते हैं कांग्रेस को वोट नहीं दें जो महंगाई के लिए जिम्मेदार है. उन्होंने पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें बढायीं.’’ ममता ने कहा, ‘‘ माकपा को वोट नहीं दें जिसने केवल कंकाल दफनाए.’’ ममता बनर्जी ने यह टिप्पणी जिले में 2011 में पूर्व माकपा मंत्री के घर के समीप से खोद कर निकाले गए कंकालों के परोक्ष संदर्भ में की.
