CM योगी ने बताया BJP की राजनीति का फॉर्मूला, बोले- ‘व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा राष्ट्र’

सीएम योगी ने मेरठ में विपक्ष पर परिवारवाद व जातिवाद को लेकर तीखा हमला बोला. उन्होंने भाजपा की राजनीति को 'राष्ट्र प्रथम' बताया और कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान किया. योगी ने 'बाबर के अनुयायियों' वाले बयान से सियासी पारा चढ़ाया.

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मेरठ में आयोजित भाजपा के शक्ति केंद्र सम्मेलन में सपा, बसपा और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने परिवारवाद और जातिवाद को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सत्ता को परिवारवाद और शोषण का माध्यम बनाया गया. योगी ने भाजपा की राजनीति को ‘राष्ट्र प्रथम’ से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने सनातन और भगवान राम को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला और कहा कि ‘बाबर के अनुयायियों’ को बजरंगी के भक्त ही जवाब दे सकते हैं.

सीएम के जनसभा में भीड़

परिवारवाद पर विपक्ष को घेरा

CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने देश को परिवारवाद और जातिवाद की बीमारी दी. उनके मुताबिक, सत्ता इन दलों के लिए परिवारवाद को आगे बढ़ाने और अपने हित साधने का माध्यम बन गई. उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे राजनीति में यह सोच हावी होने लगी कि ‘मेरा क्या?’ यानी राजनीति में आने का उद्देश्य अपने हितों को साधना बन गया.

‘व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ा राष्ट्र’

मुख्यमंत्री ने भाजपा की कार्यशैली का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने राजनीति में ‘मुझे क्या मिलेगा’ के बजाय ‘मैं देश के लिए क्या कर रहा हूं’ की भावना को आगे बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा राष्ट्र है. योगी ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम के मंत्र को अपने काम का आधार बनाने की अपील की.

बूथ से लेकर पन्ना प्रमुख तक फोकस

सीएम योगी ने संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि हर शक्ति केंद्र और बूथ की समीक्षा होनी चाहिए. प्रत्येक बूथ पर प्रभावी टीम का गठन, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करने और हर परिवार की मैपिंग व सर्वे के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते सीएम योगी

अंबेडकर और संतों के स्थलों का जिक्र

मुख्यमंत्री योगी ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भारत के नागरिकों को अपने मताधिकार के इस्तेमाल की ताकत दी. उन्होंने कहा कि बाबा साहब, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े स्थानों, मंदिरों और प्रतिमाओं के सुंदरीकरण के लिए डबल इंजन की सरकार ने धन आवंटित किया है. योगी ने इसे इन महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता से जोड़ा.

राम मंदिर और सनातन पर विपक्ष पर निशाना

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय बाबा साहब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया गया था और संत रविदास की जन्मभूमि सीर गोवर्धन में होने वाले आयोजन को अनुमति नहीं दी गई. भगवान राम और सनातन को लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला.

‘बाबर के अनुयायियों’ वाले बयान से सियासी पारा चढ़ा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग भारत की सनातन परंपरा को कोसते रहे हैं. उन्होंने कहा कि भगवान राम का नाम लेने पर भी कुछ लोगों को आपत्ति होती थी, इसी क्रम में उन्होंने कहा—‘बाबर के अनुयायियों को जवाब बजरंगी के भक्त ही दे सकते हैं’ मेरठ के इस बयान के बाद यूपी की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं.

सीएम योगी BJP अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ

नितिन नवीन ने योगी सरकार की तारीफ की

मेरठ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की तारीफ की. उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में भय का माहौल था, लेकिन अब कानून का राज है और विकास की गति तेज हुई है. नितिन नवीन ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि माफिया का प्रभाव रहा और युवाओं के साथ भेदभाव हुआ. उन्होंने सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग आज पिछड़ों और दलितों की बात करते हैं, उन्होंने अपने परिवार से आगे बढ़कर क्या किया. उन्होंने कहा कि योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है.

यह भी पढ़ें: ‘गौरक्षक नहीं, राक्षस हैं’,ओवैसी ने लखनऊ की घटना पर चुनावी मंच से छेड़ा ऐसा मुद्दा, बयान से बढ़ी सियासी हलचल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >