Varanasi News: वाराणसी के चोलापुर में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेल मैदान की मांग को लेकर एक युवक करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक गांव में युवाओं के लिए खेल मैदान की व्यवस्था कराने की मांग कर रहा है. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू कर दी.
खेल मैदान की मांग लेकर टावर पर चढ़ा युवक
मामला विकासखंड चोलापुर के अजगरा ग्राम पंचायत का है. गांव निवासी 25 वर्षीय राकेश गुप्ता पुत्र वीरेंद्र गुप्ता रविवार सुबह करीब 10 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. राकेश का कहना है कि गांव में युवाओं के लिए खेल मैदान नहीं है, जिससे उन्हें खेल और शारीरिक अभ्यास के लिए काफी परेशानी होती है.
चकबंदी के बाद युवाओं के पास नहीं बची जगह
राकेश के मुताबिक, चकबंदी के दौरान सरकारी बंजर जमीन को भी खेल मैदान के लिए आरक्षित नहीं किया गया. इसी वजह से गांव में युवाओं के लिए दौड़ने, कुश्ती करने और अभ्यास करने की कोई तय जगह नहीं रह गई है. ग्रामीणों के अनुसार, पहले गांव के युवा रामजी सिंह, दीना सिंह समेत अन्य लोगों के बगीचे में दौड़ लगाने के साथ ही कुश्ती और अखाड़े का अभ्यास करते थे. चकबंदी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित लोगों ने अपनी जमीन की घेराबंदी कर ली. इसके बाद युवाओं के लिए अभ्यास करने की जगह खत्म हो गई.
करीब एक महीने पहले पूरी हुई चकबंदी
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में चकबंदी का काम करीब एक महीने पहले पूरा हुआ है. चकबंदी की प्रक्रिया पहले स्टे के कारण रुकी हुई थी, जिसके बाद इसे दोबारा शुरू किया गया था. ग्रामीणों का कहना है कि चकबंदी के दौरान ही खेल मैदान के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई थी, लेकिन युवाओं के लिए मैदान की व्यवस्था नहीं हो सकी.
पुलिस युवक को नीचे उतारने में जुटी
रविवार सुबह करीब 10 बजे राकेश गुप्ता खेल मैदान की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलने पर अजगरा पुलिस चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस युवक से नीचे उतरने की अपील कर रही है और उसे सुरक्षित तरीके से टावर से नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल युवक की मांग खेल मैदान उपलब्ध कराने को लेकर है.
