UP News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी कमिश्नरेट में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एंटी रोमियो स्क्वाड ने एक अलग तरह की कार्रवाई की है. इस बार कार्रवाई किसी मनचले युवक पर नहीं, बल्कि दो महिलाओं पर हुई. पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं सिगरा थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर के पिलर संख्या 57 से 60 के बीच राहगीरों को रोककर अश्लील इशारे कर रही थीं और सार्वजनिक स्थान का माहौल खराब कर रही थीं. लगातार शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
लोगों की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
पुलिस के अनुसार, सिगरा थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि फ्लाईओवर के नीचे कुछ महिलाएं राह चलते लोगों को रोकती हैं, उनसे अशोभनीय हरकतें करती हैं और अश्लील इशारों के जरिए उन्हें परेशान करती हैं. इससे वहां से गुजरने वाले लोग असहज महसूस कर रहे थे और क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित हो रहा था. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम मौके पर भेजी गई. पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो स्थानीय लोगों की शिकायत सही पाई गई.
मौके से दोनों महिलाओं को किया गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को मौके से हिरासत में ले लिया. पुलिस के अनुसार, पहली अभियुक्त जीविका (काल्पनिक नाम) है, जिसकी उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है. वह मूल रूप से बिहार के पटना जिले के संपचक थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव की रहने वाली है और वर्तमान में वाराणसी के डी.एल.डब्ल्यू. स्थित पॉपुलर हॉस्पिटल के पीछे रहती है. दूसरी अभियुक्त रुबिया (काल्पनिक नाम) है, जिसकी उम्र करीब 28 वर्ष है. वह मूल रूप से जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के मलनी गांव की निवासी है और फिलहाल वाराणसी के मंडुवाडीह क्षेत्र के सुदासपुर में रह रही है.
सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने का आरोप
पुलिस का कहना है कि दोनों महिलाओं पर सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें करने और लोगों को परेशान करने का आरोप है. इसी आधार पर सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0327/2026 दर्ज किया गया है.
BNS की धारा 296 के तहत केस दर्ज
सिगरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों महिलाएं वहां कब से सक्रिय थीं और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है.
