UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है. पूर्वांचल में पिछले दो दिनों से जमकर बारिश हो रही है. वहीं यूपी की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. इधर, सरयू बहुत ही तेजी से कटाव कर रही है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 26 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. बारिश के साथ कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है.
पूर्वी यूपी में ज्यादा बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. वहीं, कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान में 26 अगस्त को पश्चिमी यूपी के कुछ स्थानों और पूर्वी यूपी के कई स्थानों पर बारिश/गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना जताई गई है.
26 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 अगस्त के लिए उत्तर प्रदेश के इन जिलों और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में आज भारी बारिश होगी. इन जिलों के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने और बारिश होने की संभावना है.
इन इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान में मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, बांदा, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, महोबा, झांसी, हमीरपुर, जालौन, औरैया और इटावा के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ की हल्की से मध्यम संभावना जताई गई है. भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों, जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
27 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में 27 अगस्त तक मानसून की सक्रियता बनी रहने की संभावना है. 27 अगस्त को भी पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर बारिश/गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसके बाद 28 और 29 अगस्त को बारिश का असर कुछ कम होने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: यूपी कैबिनेट में 24 फैसलों पर मुहर: 60+ महिलाओं का बस सफर मुफ्त, जानें सरकार के अहम निर्णय
