UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 17 से 19 सितंबर तक पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि, 17 सितंबर के लिए प्रदेश में कोई अलग से गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है.
इन जिलों में आज बारिश की संभावना
17 सितंबर को बारिश की संभावना वाले जिलों में वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और संत रविदास नगर (भदोही) शामिल हैं. इसके अलावा ताजा मौसम रिपोर्टों में गौतमबुद्ध नगर, झांसी, गाजियाबाद, आगरा और बरेली समेत कुछ अन्य जिलों में भी बारिश और आंधी की संभावना बताई गई है.
18 और 19 सितंबर को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
IMD के लखनऊ केंद्र के मुताबिक 18 और 19 सितंबर को भी पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश/गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. 20 सितंबर से पश्चिमी यूपी में मौसम मुख्यतः शुष्क होने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में 20 और 21 सितंबर को भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.
पूर्वांचल पर नजर, बिजली चमकने पर रहें सावधान
पूर्वी यूपी और तराई के कुछ इलाकों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की गतिविधि की संभावना बनी हुई है. ऐसे मौसम में खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और जलाशयों के पास खड़े होने से बचना जरूरी है.
