UP Weather Today : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है. पूर्वांचल और तराई क्षेत्र में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 8 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
रविवार से और सक्रिय होगा मानसून
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंहने कहा की प्रदेश में नया मौसम तंत्र सक्रिय हो रहा है. इसके आगे बढ़ने के साथ अगले दो दिनों में कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं. खासकर पूर्वांचल और तराई के जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.
23 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं शामिल हैं. इन जिलों और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. लोगों को मौसम में बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
शनिवार को पश्चिमी यूपी में हुई बारिश
इससे पहले शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली से सटे कई जिलों में बारिश हुई. कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण कई इलाकों में मौसम सुहावना हुआ, वहीं कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.
मंगलवार से कम होने लगेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है. इसके बाद मंगलवार से निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा. इसके साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं.
किसानों के लिए भी अहम है मौसम का बदलाव
मानसून की इस सक्रियता का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है. जिन इलाकों में पहले से पर्याप्त बारिश हो चुकी है, वहां लगातार बारिश से जलभराव की स्थिति बन सकती है. वहीं कम बारिश वाले क्षेत्रों में यह बारिश फसलों के लिए राहत लेकर आ सकती है.
Also Read : बस में ऊपर रखी थी मूंगफली, नीचे छिपी थी करोड़ों की चांदी, GST टीम भी रह गई हैरान
