यूपी में SIR के बाद अब SSR की तैयारी: विधानसभा चुनाव से पहले फिर दुरुस्त होगी वोटर लिस्ट, सितंबर से घर-घर पहुंचेंगे BLO

UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई हैं. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा. यह अभियान सितंबर से शुरू होगा और जनवरी 2027 में अंतिम सूची जारी होने की उम्मीद है.

UP News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को लेकर एक बार फिर बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है. विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण यानी SIR के बाद अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कराया जाएगा. इस अभियान के तहत मतदाता सूची की एक बार फिर जांच होगी और पात्र लोगों के नाम जोड़ने के साथ मृतक, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके तथा अनुपस्थित मतदाताओं के नामों की पहचान की जाएगी. चुनाव आयोग की तैयारियों के मुताबिक सितंबर से SSR की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है. इसके लिए करीब 30 से 40 दिनों का समय निर्धारित किया जाएगा. अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे. इसके बाद दावे और आपत्तियां भी ली जाएंगी. पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में अंतिम मतदाता सूची जारी किए जाने की संभावना है.

SIR के बाद अब SSR, क्या होगा बदलाव?

उत्तर प्रदेश में SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी. इसमें 13.39 करोड़ से अधिक मतदाता दर्ज हैं. अब केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर से पुनर्विभाजन सूची जारी होने के बाद SSR की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. सबसे पहले मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा. SSR का उद्देश्य मतदाता सूची को चुनाव से पहले और अधिक अद्यतन करना है, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल रहे और ऐसे नाम हटाए जा सकें जो अब संबंधित पते पर मौजूद नहीं हैं.

BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

इस अभियान की सबसे अहम जिम्मेदारी BLO की होगी. अधिकारी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संबंधित जानकारी जुटाएंगे. इस दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी जो:

  • निधन के बाद भी मतदाता सूची में दर्ज हैं.
  • स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके हैं.
  • लंबे समय से अनुपस्थित हैं.
  • नए मतदाता के रूप में सूची में शामिल होने के पात्र हैं.
  • अपने नाम, पते या अन्य विवरण में संशोधन चाहते हैं.

नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम-पते समेत अन्य संशोधन अथवा विधानसभा क्षेत्र में बदलाव के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा.

शनिवार-रविवार को भी चलेगा विशेष अभियान

मतदाता सूची के इस पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान भी चलाए जाने की तैयारी है. इन दिनों प्रत्येक BLO मतदाता सूची और जरूरी फॉर्म लेकर मतदान केंद्र पर मौजूद रहेगा, ताकि लोग अपने नाम से जुड़ी जानकारी की जांच और जरूरी आवेदन कर सकें. जिला निर्वाचन अधिकारी और इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) पूरे अभियान की निगरानी करेंगे. दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चुनाव आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार होगी.

जनवरी में आ सकती है अंतिम मतदाता सूची

SSR पूरा होने के बाद जनवरी 2027 में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने की संभावना है. इसके पीछे पिछली विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया भी एक आधार है. 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची 7 जनवरी को प्रकाशित हुई थी. इसके अगले दिन 8 जनवरी को चुनाव की घोषणा हुई थी और 14 जनवरी से पहले चरण के लिए नामांकन शुरू हुआ था. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव निर्धारित समय पर ही होंगे. ऐसे में चुनाव से पहले मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के लिए SSR की कवायद को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

क्यों महत्वपूर्ण है SSR?

उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ऐसे में करीब 13.39 करोड़ से अधिक मतदाताओं वाली सूची को अपडेट करना चुनावी तैयारियों का बड़ा हिस्सा है. सितंबर से शुरू होने वाली यह प्रक्रिया यह सुनिश्चित करने की कोशिश होगी कि मतदाता सूची में पात्र मतदाता मौजूद रहें और मृतक या स्थायी रूप से स्थानांतरित लोगों के नाम हटाए जा सकें.

यह भी पढ़ें: कौन संभालेगा राम मंदिर की कमान? 2 सितंबर को होगा ऐलान, 5300 में से 18 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >