UP से उत्तराखंड जाने वालों के लिए खुशखबरी! रक्षाबंधन पर दौड़ेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल

UP News: रेल यात्रा करने वालों के लिए राहत की खबर है. भारतीय रेलवे रक्षाबंधन और पिरान कलियर मेले के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है. यूपी और उत्तराखंड के बीच यात्रा को आसान बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं.

UP News: रेल यात्रा करने वालों के लिए राहत की खबर है. अगर आप रक्षाबंधन पर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे हैं या उत्तराखंड के मशहूर पिरान कलियर मेले में शामिल होने का प्लान बना रहे हैं, तो भारतीय रेलवे ने आपके लिए खास इंतजाम किए हैं. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यूपी और उत्तराखंड के बीच कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इसके साथ ही रुड़की स्टेशन पर कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. वहीं, रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी मऊ-बरेली के बीच परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है.

पिरान कलियर मेला और रक्षाबंधन के लिए रेलवे की खास तैयारी

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने पिरान कलियर मेला-2026 और रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए विशेष रेल व्यवस्था लागू की है. रेलवे का कहना है कि मेले और त्योहार के दौरान हर साल यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. इसी वजह से इस बार पहले से ही अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन तय किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सके.

बरेली-रुड़की के बीच चलेंगी दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें

22 अगस्त से 31 अगस्त तक बरेली और रुड़की के बीच दो जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. रेलवे के अनुसार (04321) और (04319) नंबर की ट्रेनें बरेली से रुड़की जाएंगी, जबकि वापसी में (04322) और (04320) नंबर की ट्रेनें रुड़की से बरेली लौटेंगी. पहली मेला स्पेशल ट्रेन (04321) सुबह 7:20 बजे बरेली से रवाना होकर दोपहर 2:00 बजे रुड़की पहुंचेगी. वहीं दूसरी ट्रेन (04319) सुबह 10:40 बजे बरेली से चलेगी और शाम 5:15 बजे रुड़की पहुंचेगी. वापसी में (04322) दोपहर 2:30 बजे रुड़की से रवाना होकर रात 11:00 बजे बरेली पहुंचेगी, जबकि (04320) शाम 6:20 बजे चलकर अगले दिन 1:20 बजे बरेली पहुंचेगी.

हरिद्वार-लखनऊ के बीच भी चलेगी रक्षाबंधन स्पेशल

रक्षाबंधन के मौके पर रेलवे हरिद्वार और लखनऊ के बीच भी दो स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. (04330) हरिद्वार-लखनऊ और (04329) लखनऊ-हरिद्वार अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें 27 अगस्त से 30 अगस्त के बीच निर्धारित तिथियों पर संचालित होंगी. इन ट्रेनों का ठहराव बरेली स्टेशन पर भी रहेगा. हरिद्वार से आने वाली ट्रेन शाम 8:00 बजे बरेली पहुंचेगी, जबकि लखनऊ से चलने वाली ट्रेन सुबह 5:36 बजे बरेली पहुंचेगी.

रुड़की स्टेशन पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 13 अगस्त से 31 अगस्त तक पिरान कलियर मेले के दौरान रुड़की स्टेशन पर कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी तय किया है. इससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और सफर पहले से ज्यादा आसान होगा.

आरआरबी परीक्षार्थियों के लिए चलेगी मऊ-बरेली परीक्षा स्पेशल

रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने मऊ-बरेली-मऊ परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. अगस्त महीने में यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 16-16 फेरे लगाएगी, जिससे पूर्वांचल और बरेली के बीच सफर करने वाले हजारों परीक्षार्थियों को लाभ मिलेगा.

जानिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन का पूरा रूट और समय

रेलवे के मुताबिक (05185) मऊ-बरेली परीक्षा स्पेशल 2 से 5 अगस्त, 8 से 13 अगस्त, 16 से 20 अगस्त और 24 अगस्त तक कुल 16 फेरों में चलेगी. यह ट्रेन मऊ से सुबह 11:45 बजे रवाना होगी और आजमगढ़, शाहगंज, अयोध्या, लखनऊ, सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, भोजीपुरा और इज्जतनगर होते हुए अगले दिन सुबह 6:10 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी. वापसी में (05186) बरेली-मऊ परीक्षा स्पेशल 3 से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त, 17 से 21 अगस्त और 25 अगस्त तक कुल 16 फेरों में संचालित होगी. रेलवे का कहना है कि इस विशेष ट्रेन से परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी.

Also Read: बाराबंकी की बेटी को सचिन तेंदुलकर ने किया सम्मानित, जानिए कौन हैं पूजा पाल? जिसकी संघर्ष की कहानी जीत लेगी दिल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >