यूपी में चीनी के दाम में गिरावट, 2 दिन में 300 रुपये क्विंटल तक घटे भाव, जानें अब कितना है रेट

उत्तर प्रदेश में चीनी की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगी है. पिछले दो दिनों में थोक बाजार में चीनी के दाम 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक गिर गए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त अपील और सरकारी जांच का असर अब बाजार में दिखने लगा है.

UP Sugar Price : उत्तर प्रदेश में बढ़ती चीनी की कीमतों को लेकर राहत की खबर सामने आई है. प्रदेश में चीनी के थोक भाव में पिछले दो दिनों में 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई है. यानी चीनी के दाम में करीब 2 से 3 रुपये प्रति किलो की कमी आई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त अपील और सरकार की ओर से चीनी मिलों व स्टॉकिस्टों के यहां शुरू की गई जांच के बाद बाजार में यह असर देखने को मिला है.

दो दिन में 200-300 रुपये प्रति क्विंटल गिरे भाव

चीनी की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के पीछे कम उत्पादन के साथ-साथ बढ़ी मांग और कालाबाजारी को भी बड़ी वजह माना जा रहा है. महाराष्ट्र में चीनी की कमी के बाद वहां के बड़े स्टॉकिस्ट और कोलकाता के कारोबारियों ने उत्तर प्रदेश से बड़े पैमाने पर खरीद शुरू कर दी थी. इससे बाजार में मांग अचानक बढ़ गई और चीनी के भाव भी ऊपर जाने लगे. सरकार ने स्थिति पर सख्ती दिखाई और चीनी मिलों तथा स्टॉकिस्टों के यहां जांच अभियान शुरू किया. इसके बाद दो दिनों में थोक बाजार में चीनी के दाम 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक नीचे आ गए.

5100 रुपये से घटकर 4800 रुपये प्रति क्विंटल हुआ भाव

विभागीय सूत्रों के अनुसार करीब एक महीने पहले महाराष्ट्र में चीनी की कमी के बाद वहां और कोलकाता के बड़े स्टॉकिस्टों व डीलरों ने यूपी की मिलों से चीनी खरीदना शुरू किया. बड़े खरीदारों ने 4000 से 5000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलों में खरीद के टेंडर डाले. अचानक बढ़ी मांग के कारण चीनी मिलों ने भी अपने भाव बढ़ा दिए. 22 अगस्त को जिन मिलों में चीनी करीब 5100 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही थी, वहां 23 अगस्त तक भाव घटकर लगभग 4800 रुपये प्रति क्विंटल रह गया.

मिल से ग्राहक तक पहुंचने में 5-6 रुपये का अंतर

जानकारों के मुताबिक मिल से चीनी उठने और ग्राहक तक पहुंचने के बीच सामान्य तौर पर करीब 5 से 6 रुपये प्रति किलो का अंतर होता है. लेकिन पिछले एक महीने के दौरान मिलों ने प्रति क्विंटल 600 से 700 रुपये तक अतिरिक्त कमाई की. वहीं, बिचौलियों पर भी अधिक मुनाफा कमाने के आरोप हैं. बताया जा रहा है कि कुछ बिचौलियों ने 1000 से 1500 रुपये प्रति क्विंटल तक का मुनाफा कमाया. इसी को देखते हुए अब सरकार ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है.

यूपी में 180 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक

चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के मुताबिक प्रदेश की चीनी मिलों के पास करीब 180 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक मौजूद है. प्रदेश में हर महीने करीब 40 लाख क्विंटल चीनी की खपत होती है. विभाग का दावा है कि नए पेराई सत्र के शुरू होने तक प्रदेश में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी. ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों के सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है.

CM योगी बोले- यूपी में चीनी की कोई कमी नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी साफ किया है कि प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश 140 करोड़ देशवासियों का पेट भरने की क्षमता रखता है. सीएम के मुताबिक यूपी में हर महीने करीब 4 लाख टन चीनी की खपत होती है, जबकि प्रदेश में करीब 28 लाख टन यानी लगभग सात महीने की जरूरत के बराबर चीनी उपलब्ध है.

15 अक्टूबर से शुरू होगी नई पेराई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 15 अक्टूबर से चीनी मिलों में नया पेराई सत्र शुरू होगा. इसके बाद करीब 90 लाख टन अतिरिक्त चीनी का उत्पादन होने की उम्मीद है. सरकार का मानना है कि मौजूदा स्टॉक और नए पेराई सत्र में होने वाले उत्पादन को देखते हुए प्रदेश में चीनी की कमी की स्थिति नहीं बनेगी. वहीं, कालाबाजारी और जमाखोरी पर कार्रवाई जारी रहने से बाजार में कीमतों पर और दबाव आने की उम्मीद है.

Also Read : UP Cabinet में युवाओं के लिए अहम फैसला , 25 लाख टैबलेट का प्रस्ताव, MBBS-BDS इंटर्न का भी बढ़ा भत्ता



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >