UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार को भीषण सड़क हादसे में करीब तीन साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई. हादसा बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के भैसाना गांव के पास हुआ, जहां बड़ौत डिपो की रोडवेज बस ने सामने से आ रही दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
ओवरटेक करते समय दो बाइकों से भिड़ी रोडवेज बस
जानकारी के मुताबिक, बड़ौत डिपो की रोडवेज बस बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी. इसी दौरान भैसाना गांव के पास चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही दो बाइकों से बस की जोरदार टक्कर हो गई. शुरुआती जांच में ओवरटेकिंग को हादसे की वजह माना जा रहा है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए.
तीन की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. हादसे में मोमिन, फरमान और करीब ढाई से तीन साल की बच्ची भल्लो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इदरीश और साजिद गंभीर रूप से घायल हुए थे. इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई. दोनों बाइक सवार शाहपुर की ओर से बुढ़ाना की तरफ आ रहे थे, जबकि रोडवेज बस बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बस सीज, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस ने रोडवेज बस को सीज कर दिया है. मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है. एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हादसा करीब 4:00 बजे हुआ. मौके पर सभी अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया हादसे की वजह ओवरटेकिंग मानी जा रही है. इस संबंध में जो भी कानूनी कार्रवाई होगी, वह अमल में लाई जाएगी. पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है.
