राहुल गांधी को ‘भगवान परशुराम’ बताकर किया जलाभिषेक, मनोज पांडेय बोले- ये सनातन का अपमान

UP Politics News: राहुल गांधी को ‘भगवान परशुराम’ बताकर जलाभिषेक करने के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस पूरे मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है.

UP Politics News: लखनऊ. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है. राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका एक पोस्टर लगाकर जलाभिषेक किया था. पोस्टर में राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दिखाया गया था. इसी को लेकर अब भाजपा ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन को घेरा है.

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस पूरे मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को भगवान परशुराम के स्वरूप में दिखाना करोड़ों सनातनियों की आस्था का अपमान है.

मनोज पांडेय ने साधा निशाना

मनोज पांडेय ने कहा कि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम हिंदू समाज की आस्था के केंद्र हैं. ऐसे में किसी राजनीतिक नेता को उनके स्वरूप में प्रस्तुत करना और उसका सार्वजनिक जलाभिषेक करना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम है.

कैबिनेट मंत्री ने राहुल गांधी से भी सवाल पूछा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे इस तरह की प्रस्तुति का समर्थन करते हैं या इसकी निंदा करेंगे. उनके मुताबिक यदि राहुल गांधी इस मुद्दे पर चुप रहते हैं तो जनता इसे भी उनकी सहमति के रूप में देख सकती है.

इंडी गठबंधन पर साधा निशाना

मनोज पांडेय ने अपने बयान में इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सत्ता की राजनीति के लिए बार-बार सनातन आस्था, देवी-देवताओं और महापुरुषों को विवादों में घसीटता है. उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के लिए धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है.

मंत्री ने कहा कि सनातन भारत की संस्कृति, परंपरा और पहचान का आधार है. उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जनता अपनी आस्था का अपमान कभी स्वीकार नहीं करती और समय आने पर उसका जवाब भी देती है.

गौरतलब है कि शुक्रवार को राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया था, इसी दौरान लगाए गए एक पोस्टर और उसके जलाभिषेक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है.

यह भी पढ़ें: ‘ब्राह्मण सिर्फ चुनाव में याद आते हैं?’ मनोज पांडेय के सवालों से घिरे अखिलेश यादव

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Radheshyam Kushwaha

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >