UP News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर Gen-Z के आंदोलन के बाद अब उत्तर प्रदेश में Gen-Alpha यानी नई पीढ़ी के छात्र-छात्राओं ने अपनी आवाज बुलंद की है. फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज किशनपुर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अव्यवस्थाओं के खिलाफ क्लास का बहिष्कार कर सड़क पर प्रदर्शन किया. छात्रों के विरोध के बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी ज्यादातर मांगें मान लीं.
सुविधाओं की कमी से परेशान छात्रों ने किया प्रदर्शन
फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज किशनपुर में छात्र लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान थे. छात्रों का आरोप था कि कक्षाओं में बिजली, पंखे और पीने के साफ पानी की व्यवस्था नहीं है. इसके अलावा बैठने के लिए डेस्क-बेंच और मिड डे मील की व्यवस्था को लेकर भी समस्याएं थीं. छात्रों का कहना था कि इन परेशानियों के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे छात्र-छात्राएं
अपनी मांगों को लेकर छात्रों ने पहले कक्षा में पोस्टर तैयार किए और फिर उन्हें हाथों में लेकर नारेबाजी करते हुए कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया. इस दौरान छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कुछ छात्र बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लेकर प्रदर्शन करते नजर आए. छात्रों ने आरोप लगाया कि सुविधाओं की मांग करने पर उन्हें कार्रवाई और फेल करने की धमकी दी जाती थी.
अधिकारियों ने मानी ज्यादातर मांगें
छात्रों के सड़क पर उतरने की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया. जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार ने छात्रों से बातचीत की और उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि कक्षाओं में चार-चार पंखे लगाए जाएंगे, बिजली की वायरिंग ठीक कराई जाएगी, डेस्क-बेंच की व्यवस्था एक महीने में पूरी होगी और आरओ वाटर कूलर लगाया जाएगा. साथ ही मिड डे मील के मेन्यू में भी बदलाव किया जाएगा.
लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
छात्रों को मांगें पूरी करने का लिखित आश्वासन दिया गया, जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शन समाप्त किया. हालांकि साइंस क्लास शुरू करने की मांग पर DIOS ने कहा कि इसके लिए लैब और मान्यता की जरूरत होगी. बाकी सभी मांगों को जल्द पूरा करने का भरोसा दिया गया. मांगें माने जाने के बाद छात्रों ने खुशी जताई.
