यूपी में पंखे का तार मुंह से छील रही महिला को लगा करंट, जीभ झुलसने से हुई दर्दनाक मौत

UP News: मैनपुरी के किशनी में एक 28 वर्षीय महिला की बिजली का काम करते हुए करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. पंखे का तार जोड़ते समय हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है.

UP News: मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र में बिजली से जुड़ा काम करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया. पंखे का तार जोड़ने के दौरान 28 वर्षीय महिला करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पंखे का तार जोड़ते समय हुआ हादसा

घटना रविवार रात करीब नौ बजे जयसिंहपुर (कैथपुर) गांव की है. यहां ट्रक चालक गुलशन जाटव की पत्नी प्रियंका जाटव उर्फ गीता अपने कमरे में पंखा लगाने का प्रयास कर रही थीं. बताया गया कि उन्होंने तार का एक सिरा बिजली के बोर्ड में लगाया, जबकि दूसरे सिरे की प्लास्टिक को मुंह से हटाने (छीलने) की कोशिश करने लगीं. इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं. तेज झटके से उनकी जीभ भी बुरी तरह झुलस गई.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत

महिला की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बिजली के संपर्क से अलग किया. इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई और आनन-फानन में उन्हें किशनी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है.

जेई ने बरसात में बिजली उपकरणों के इस्तेमाल में बरतने को कहा सावधानी

शमशेरगंज बिजलीघर के जूनियर इंजीनियर विवेक कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला पंखे का तार जोड़ते समय उसके दूसरे सिरे को मुंह से छीलने का प्रयास कर रही थीं, तभी वह करंट की चपेट में आ गईं. उन्होंने लोगों से अपील की कि विशेषकर बरसात के मौसम में बिजली के उपकरणों और खुले तारों के साथ काम करते समय पूरी सावधानी बरतें. उन्होंने यह भी बताया कि मामले की सूचना संबंधित थाने को दी जाएगी.

बिजली से जुड़े काम में लापरवाही पड़ सकती है भारी, इन बातों का रखें ध्यान

  • बिजली का कोई भी काम शुरू करने से पहले मुख्य स्विच (Main Switch) बंद कर दें.
  • कभी भी तार को दांत या मुंह से छीलने की कोशिश न करें. इसके लिए वायर स्ट्रिपर या इंसुलेटेड प्लायर का इस्तेमाल करें.
  • गीले हाथों या गीली जगह पर बिजली के उपकरण न छुएं.
  • कटे-फटे या खुले तारों का इस्तेमाल करने से बचें.
  • बिजली का काम करते समय रबर के सोल वाली चप्पल या जूते पहनें.
  • यदि बिजली संबंधी काम की जानकारी न हो, तो प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन की मदद लें.
  • करंट लगने की स्थिति में सीधे व्यक्ति को न छुएं. पहले बिजली की सप्लाई बंद करें या सूखी लकड़ी/प्लास्टिक जैसी गैर-चालक वस्तु की मदद से उसे अलग करें और तुरंत चिकित्सा सहायता लें.

Must Read- फिरोजाबाद एनकाउंटर में चोरी गैंग का पर्दाफाश, आगरा के 5 शातिर चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >