UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रही DCM में जा घुसी. जोरदार टक्कर के बाद कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में वह धूं-धूं कर जलने लगी. कार में भाई-बहन बुरी तरह फंस गए थे, लेकिन आग फैलने से पहले यूपीडा कर्मचारियों और पुलिस ने दोनों को बाहर निकाल लिया. गंभीर हालत में दोनों को लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान भाई की मौत हो गई. बहन का इलाज जारी है.
तेज रफ्तार कार सीधे DCM में जा घुसी
हादसा उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे किलोमीटर संख्या 270 के पास हुआ. बताया गया कि बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के टियर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी अभिरूप (24) पुत्र पंकज अपनी बहन दीक्षा (26) के साथ हरिद्वार से घर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार आगे चल रही DCM में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों भाई-बहन उसमें फंस गए.
पहले निकला धुआं, फिर धूं-धूं कर जलने लगी कार
हादसे के बाद कार में फंसे दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल थे. इसी बीच क्षतिग्रस्त कार से अचानक धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते आग लगने का खतरा बढ़ गया. एक्सप्रेसवे पर मौजूद यूपीडा कर्मचारियों और स्थानीय पुलिस ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और आग बढ़ने से पहले दोनों घायलों को कार से बाहर निकाल लिया. दोनों को सुरक्षित बाहर निकालने के कुछ ही देर बाद कार धूं-धूं कर जलने लगी.
अस्पताल पहुंचते ही शुरू हुआ इलाज, भाई ने तोड़ा दम
बचाव के बाद अभिरूप और दीक्षा को गंभीर हालत में एंबुलेंस से लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल भेजा गया. वहां डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन शुक्रवार देर शाम अभिरूप की मौत हो गई. भाई की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. वहीं, दीक्षा का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है.
झपकी बनी हादसे की वजह? पुलिस कर रही जांच
पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, कार चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हो सकता है. हालांकि, पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है. दुर्घटना के बाद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य करा दी.
