UP News: उत्तर प्रदेश में सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ और आतंकवाद की ओर धकेलने वाले शहजाद भट्टी के नेटवर्क को लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने गुरुवार को अहम जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह नेटवर्क युवाओं को पैसे और काम का लालच देकर अपने साथ जोड़ता था. यूपी पुलिस, ATS और STF अब तक इस नेटवर्क से जुड़े 12 मामले दर्ज कर 52 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने का आरोप
एडीजी अमिताभ यश के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के कहने पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय युवाओं को अपने साथ जोड़ रहा था. उन्होंने बताया कि नेटवर्क के सक्रिय सदस्यों में अबिज जट्ट, हमन मेमन, हमात बरकती, जावेद पाकिस्तानी, रजा भाई पाकिस्तानी, अजमल गुर्जर, राशिद भट्टी, राणा हुनैन, मेजर इकबाल, मेजर हामिद और मेजर अनवर जैसे नाम शामिल हैं.
12 मुकदमे दर्ज, 52 आरोपी गिरफ्तार
यूपी पुलिस के बयान के अनुसार, ATS और STF ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर 26 मई को अभियान चलाया था. इस दौरान नेटवर्क से जुड़े करीब 175 संदिग्ध लोगों की जांच की गई. जांच के बाद 12 मुकदमे दर्ज किए गए और 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से पिस्तौल, कारतूस, चाकू, ज्वलनशील पदार्थ और आपत्तिजनक पोस्टर बरामद किए गए.
12 अगस्त को 62 संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस से पहले 12 अगस्त को पूरे उत्तर प्रदेश में एक संयुक्त अभियान चलाया गया. इस दौरान शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क से कथित तौर पर जुड़े तथा देश विरोधी और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के संदेह वाले करीब 62 लोगों को चिह्नित किया गया. इन लोगों से पूछताछ की गई और नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच आगे बढ़ाई गई.
पाकिस्तान ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर भारत की कार्रवाई के बीच पाकिस्तान ने भारत के आरोपों को खारिज किया है. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंदराबी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान को भी खारिज किया, जिसमें गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों के एक नेटवर्क को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जोड़ा गया था. पाकिस्तान ने कहा कि भारत अपने घरेलू सुरक्षा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे दावे कर रहा है और आरोपों को ‘बेबुनियाद’ बताया.
