UP News: उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सोमवार को छह सहप्रभारियों के बीच जिलों और क्षेत्रों की जिम्मेदारियां बांट दीं. सभी राष्ट्रीय सचिवों को अलग-अलग जोन सौंपे गए हैं, ताकि वे संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी के साथ प्रदेश इकाई के साथ समन्वय कर पार्टी को चुनाव के लिए तैयार कर सकें.
छह सहप्रभारियों को मिली अलग-अलग जिम्मेदारी
कांग्रेस ने अब्दुल हन्नान को अवध, कुणाल चौधरी को ब्रज, वरुण चौधरी को प्रयागराज, जगदीश चंदर जांगिड़ को बुंदेलखंड, अभिषेक दत्त को पूर्वांचल और संजीव आर्य को पश्चिमी क्षेत्र की जिम्मेदारी दी है. अब्दुल हन्नान के जिम्मे लखनऊ, उन्नाव, बहराइच, बाराबंकी, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई और रायबरेली हैं. अभिषेक दत्त के पास सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया, संत कबीर नगर, अयोध्या और अंबेडकर नगर की जिम्मेदारी रहेगी.
इन जिलों में संभालेंगे संगठन की कमान
वरुण चौधरी को वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी और सुल्तानपुर सौंपे गए हैं. जगदीश चंदर जांगिड़ कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, जालौन, महोबा, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर और इटावा देखेंगे. वहीं कुणाल चौधरी के जिम्मे मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कासगंज, अलीगढ़, हाथरस, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और फर्रुखाबाद हैं. संजीव आर्य सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद, संभल, मेरठ, बिजनौर, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और गौतम बुद्ध नगर की जिम्मेदारी संभालेंगे.
संगठन जल्द पूरा करने के निर्देश
दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठक में यूपी इकाई को संगठन गठन का लंबित काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ यूपी के नवनियुक्त सहप्रभारी भी शामिल हुए. पार्टी ने जिला स्तर पर संगठन को पांच स्तरों पर मजबूत करने और सांगठनिक गतिविधियों में तेजी लाने को कहा है. कई जगह संगठन का गठन अभी ब्लॉक स्तर से आगे नहीं बढ़ पाया है. आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस अब संगठन को चुस्त-दुरुस्त कर चुनावी तैयारियों को गति देने की कोशिश कर रही है.
भाजपा के कई जिलों में भी टीम का गठन बाकी
दूसरी ओर, भाजपा भी अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है, लेकिन प्रदेश के आठ-नौ संगठनात्मक जिलों में जिलाध्यक्ष घोषित होने के बावजूद उनकी टीम का गठन अभी बाकी है. इनमें हाथरस, अंबेडकर नगर, देवरिया, चंदौली और गोरखपुर महानगर समेत अन्य जिले शामिल हैं. पार्टी ने प्रदेश को 98 संगठनात्मक जिलों में बांट रखा है. नई टीम में पद पाने के लिए जनप्रतिनिधियों की ओर से सिफारिशों का दौर जारी है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन जिला इकाइयों को लेकर काफी हद तक होमवर्क पूरा किया जा चुका है और आने वाले दिनों में टीमों की घोषणा की जा सकती है.
Must Read- 8+ CGPA लाओ और स्कूटी ले जाओ, UP की 50 हजार मेधावी छात्राओं के लिए योगी सरकार का 'खास तोहफा'
