बरेली में मौत का रपटा पुल: 1.5 फीट तेज बहाव में बाइक समेत बहे 3 युवक, ग्रामीण चिल्लाते रहे- नहीं रुके, VIDEO वायरल

UP News: बरेली में बारिश के बाद अरिल नदी उफान पर है. एक रपटा पुल पार करते समय तीन युवक बाइक समेत तेज बहाव में बह गए. ग्रामीणों ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी, लेकिन वे नहीं माने. बचाव दल उनकी तलाश में जुटा है.

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में उफनती अरिल नदी पार करने की कोशिश तीन युवकों पर भारी पड़ गई. सोमवार शाम आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर रपटा पुल के ऊपर करीब डेढ़ फीट पानी तेज रफ्तार से बह रहा था. इसी दौरान तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर पुल पार करने लगे और तेज बहाव में बाइक समेत बह गए. ग्रामीणों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके. हादसे के बाद एसडीआरएफ और पीएसी की टीम उनकी तलाश में जुटी है.

ग्रामीणों ने दी थी चेतावनी

यह घटना सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे डरूआपुर गांव के पास हुई. बारिश के बाद अरिल नदी में पानी बढ़ गया है और रपटा पुल के ऊपर करीब डेढ़ फीट पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था. इसी दौरान तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर पुल पार करने लगे. वहां मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें रोकने की कोशिश की और तीन सवारियों के साथ पुल पार नहीं करने की चेतावनी दी. इसके बावजूद तीनों युवक आगे बढ़ गए.

तेज धारा में बाइक हुई अनियंत्रित

पुल पर पहुंचते ही तेज पानी के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद तीनों युवक बाइक समेत नदी की तेज धारा में बह गए. ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज था. बताया गया कि एक युवक ने तैरकर खुद को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका. देखते ही देखते तीनों युवक आंखों से ओझल हो गए.

ग्रामीण ने बनाया घटना का वीडियो

मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया. बताया गया कि तीनों युवक काफी देर से पुल के आसपास ही घूम रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें एक बार पेड़ के नीचे बैठे हुए भी देखा था. ग्रामीणों ने उनके नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

रात में DM-SSP पहुंचे, सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही बिशारतगंज और आंवला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश शुरू कर दी. सूचना मिलने के बाद रात में डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा और एसडीएम सुशील मिश्रा भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली. एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवक कौन थे और कहां से कहां जा रहे थे, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल सकी है. उनकी उम्र करीब 20 से 30 साल के बीच बताई जा रही है. आसपास के गांवों में चौकीदारों और अन्य माध्यमों से उनकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है.

एसडीआरएफ और PAC की टीम तलाश में जुटी

मौके पर एसडीआरएफ और पीएसी की एक कंपनी की फ्लड रेस्क्यू टीम तीनों युवकों की तलाश में जुटी है. रात होने की वजह से सर्च ऑपरेशन में परेशानी आ रही है. फिलहाल तीनों युवकों का पता नहीं चल सका है और उनकी बाइक भी बरामद नहीं हुई है.

Must Read: अखिलेश यादव के अशोक-बुद्ध वाले बयान पर क्यों भड़के राजभर, बोले- ‘यादव जी और खान साहब ही चाहिए क्या?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >