मौत की सवारी बनी निकाह में गिफ्ट की गई THAR! LLB छात्रा अदीला रहमान की हत्या का सनसनीखेज खुलासा

UP News: यूपी के मुरादाबाद में हुए अदीला रहमान हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. हत्या उसके पति ने उसी THAR कार में की, जिसे अदीला ने गिफ्ट में दिया था. आरोपी ने अदालत में सरेंडर कर खुद को बचाने की कोशिश की.

UP Murder Case: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में चर्चित अदीला रहमान हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. हैदराबाद में एलएलबी की पढ़ाई कर रही अदीला रहमान की हत्या उसके पति ने उसी THAR कार में की, जिसे अदीला ने निकाह के बाद उसे गिफ्ट में दिया था. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कार के भीतर अदीला की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी और शव को उत्तराखंड के रुड़की ले जाकर नहर में फेंक दिया. हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी ने एक दूसरे आपराधिक मामले में अदालत में सरेंडर भी कर दिया.

अजमेर जाकर किया था निकाह, परिवार को नहीं थी जानकारी

पुलिस जांच में सामने आया कि अदीला और आरोपी ने अप्रैल महीने में अजमेर जाकर निकाह किया था. हालांकि इस शादी की जानकारी अदीला के परिवार को नहीं थी. दोनों के बीच लगातार संपर्क था, लेकिन इस रिश्ते को परिवार से छिपाकर रखा गया था.

THAR कार के अंदर मारी गोली, फिर रुड़की नहर में फेंका शव

पुलिस के मुताबिक, घटना मुरादाबाद-लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हुई. कार के अंदर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अदीला की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी. हत्या के बाद वह शव को उत्तराखंड के रुड़की ले गया और वहां नहर में फेंककर लौट आया. इसके बाद उसने THAR कार घर पर खड़ी कर दी और अगले ही दिन रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज एक जानलेवा हमले के मामले में अदालत में सरेंडर कर जेल चला गया, ताकि हत्या के मामले में उस पर शक न हो.

रुड़की में मिला था अज्ञात शव, बाद में हुई पहचान

रुड़की पुलिस को 4 जुलाई को नहर से एक युवती का शव मिला था. पहचान नहीं होने के कारण नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया. बाद में मुरादाबाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर शव की पहचान अदीला रहमान के रूप में की.

'चप्पल मार दी थी', आरोपी ने पूछताछ में बताई हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि कार में दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. बहस के दौरान अदीला ने उसे चप्पल मार दी, जिससे गुस्से में आकर उसने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं से साक्ष्य जुटा रही है.

परीक्षा देने निकली थी अदीला, फिर नहीं लौटी घर

कटघर के कोहिनूर तिराहा निवासी कारोबारी अदिव-उर-रहमान की बेटी अदीला रहमान हैदराबाद में एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी. 25 जून को वह परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका परिवार उससे संपर्क नहीं कर सका. काफी तलाश के बाद उसकी मां ने 18 जुलाई को कटघर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की.

पुलिस ने दर्ज किया हत्या और अपहरण का केस

सीएसपी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में कटघर के हिस्ट्रीशीटर कुर्बान अली और उसके भाई गुलफाम अली के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, THAR वाहन और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है. आरोपी गुलफाम अली फिलहाल रामपुर जिला कारागार में बंद है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Input: Ravi Ranjan Kumar

Also Read: 'प्रार्थना सभा' की आड़ में धर्मांतरण कराने वाली अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश, लखनऊ में पास्टर दंपति समेत 7 गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >