शिवभक्तों के लिए रेलवे का खास प्लान, प्रयागराज से चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें, IRCTC कराएगा 4 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन

UP News: सावन के महीने में बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं. उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज से दो श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, वहीं IRCTC भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का मौका दे रहा है.

Sawan Special Train: सावन की शुरुआत के साथ ही बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगती है. इसे ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे और भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने शिवभक्तों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. एक ओर प्रयागराज से वाराणसी और औड़िहार के लिए दो श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, वहीं दूसरी ओर IRCTC भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिए चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराने की तैयारी कर चुका है.

प्रयागराज से वाराणसी के लिए चलेंगी दो श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें

उत्तर मध्य रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए (गाड़ी संख्या 01915/01916) सूबेदारगंज-प्रयागराज-बनारस श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन सावन के पहले दिन यानी आज (30 जुलाई) और 29 अगस्त तक करने का फैसला किया है. 12 मेमू कोच वाली यह ट्रेन सूबेदारगंज से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी और 11:50 बजे बनारस पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन दोपहर 12:30 बजे बनारस से चलकर शाम 4:10 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी.

औड़िहार तक भी मिलेगी विशेष ट्रेन की सुविधा

रेलवे ने श्रद्धालुओं के लिए (गाड़ी संख्या 01917/01918) सूबेदारगंज-वाराणसी-औड़िहार श्रावणी मेला स्पेशल भी शुरू की है. यह ट्रेन 29 जुलाई से 30 अगस्त तक चलेगी. सूबेदारगंज से रात 9:30 बजे रवाना होकर रात 1:30 बजे औड़िहार पहुंचेगी. वापसी में औड़िहार से रात 1:55 बजे चलकर सुबह 6:25 बजे प्रयागराज पहुंचेगी.

कुछ मेमू ट्रेनों के संचालन में रहेगा बदलाव

स्पेशल ट्रेनों के संचालन के कारण रेलवे ने कुछ नियमित मेमू ट्रेनों की सेवाओं में भी आंशिक बदलाव किया है. 29 जुलाई से लागू इस व्यवस्था के तहत (गाड़ी संख्या 63237) पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन–सूबेदारगंज मेमू 29 अगस्त तक प्रयागराज और सूबेदारगंज के बीच आंशिक रूप से निरस्त रहेगी. वहीं, (गाड़ी संख्या 64596) सूबेदारगंज–पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मेमू आज (30 जुलाई) से 30 अगस्त तक सूबेदारगंज और प्रयागराज के बीच आंशिक रूप से निरस्त रहेगी. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है.

IRCTC कराएगा चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन

सावन के दौरान IRCTC श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का संचालन करेगा. यह ट्रेन 17 अगस्त को रवाना होगी और 26 अगस्त को लखनऊ लौटेगी. यात्रा के दौरान श्रद्धालु महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे. इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर, बेट द्वारका और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण भी पैकेज में शामिल है.

इन स्टेशनों से शुरू कर सकेंगे यात्रा

श्रद्धालु गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर स्टेशन से इस यात्रा में शामिल हो सकेंगे.

क्या होगा यात्रा का किराया

IRCTC के इस पैकेज में स्लीपर क्लास का किराया 18,380, एसी थर्ड का 29,570 और एसी सेकेंड का 38,870 प्रति यात्री निर्धारित किया गया है. यात्रा की बुकिंग IRCTC कार्यालय और आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है.

दक्षिण भारत धार्मिक यात्रा का भी मिलेगा विकल्प

IRCTC 31 जुलाई से 11 अगस्त तक दक्षिण भारत धार्मिक यात्रा का भी संचालन करेगा. इस यात्रा में श्रद्धालु तिरुपति बालाजी, रामनाथस्वामी मंदिर, मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे.

सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा पर रेलवे का फोकस

सावन के दौरान हर साल वाराणसी और अन्य प्रमुख शिवधामों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इसी को देखते हुए रेलवे और IRCTC ने अतिरिक्त ट्रेनों और विशेष धार्मिक यात्रा की व्यवस्था की है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधा मिल सके.

Also Read: UP में उफनाईं नदियां, कई जिले बाढ़ से प्रभावित, बलिया में बहा स्कूल, यूपी में आज भी दिखेगा बारिश का रौद्र रूप


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Khushboo Kumari

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >