प्रयागराज में रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रॉली पलटी, 2 महिलाओं की मौत, 20 की हालत गंभीर

UP News: प्रयागराज में धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. इस गंभीर हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि करीब 20 मजदूर घायल हो गए हैं. बाइक को बचाने के प्रयास में हुआ ये दर्दनाक हादसा.

UP News: प्रयागराज में शुक्रवार सुबह धान की रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 मजदूर घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि प्रयागराज-रीवा हाईवे (NH-30) पर सुरवल साहनी के पास अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने नियंत्रण खो दिया. ट्रैक्टर डिवाइडर से टकराया और ट्रॉली समेत सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद ट्रॉली के नीचे कई मजदूर दब गए.

42 मजदूर धान की रोपाई के लिए निकले थे

पुलिस के मुताबिक, बारा के सोनरा गांव से करीब 42 मजदूर शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के सुरवल गांव में धान की रोपाई करने जा रहे थे. दोनों गांवों के बीच करीब पांच किलोमीटर की दूरी है. सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खेतों में काम करने के लिए निकले थे. ट्रैक्टर मवैया के प्रधान का बताया जा रहा है. सुरवल साहनी के पास पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार बाइक आ गई. बाइक को बचाने के चक्कर में चालक ने अचानक ट्रैक्टर मोड़ दिया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराया.

डिवाइडर से टकराते ही पलटी ट्रॉली, मची चीख-पुकार

ट्रैक्टर के डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रॉली पलट गई. इसमें बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, इसलिए कई लोग उसके नीचे दब गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया.

इलाज के दौरान दो महिलाओं ने तोड़ा दम

घायलों को नारीबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शंकरगढ़ के हर्रो गांव निवासी कमला देवी (50), पत्नी राममूरत और बारा के सोनरा गांव निवासी करीना (17), पुत्री भारत लाल की मौत हो गई. हादसे में करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं. इनमें कुछ को मामूली चोटें आई हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल मजदूरों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है. नारीबारी पीएचसी में करीब 10 घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि कृष्णा नर्सिंग होम में भी 8 से 10 लोगों को भर्ती कराया गया है. कुछ घायलों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भी ले जाया गया है. नारीबारी चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि दो लोगों की मौत हुई है और करीब 20 घायलों का इलाज चल रहा है. दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मजदूरों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे की जांच कर रही है.

Must Read- यूपी के रहने वाले सीनियर IT ऑफिसर की मध्य प्रदेश में संदिग्ध मौत, सरकारी गेस्ट हाउस में बंद कमरे में मिली लाश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कोमल अग्रवाल

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >