UP News: यूपी के पीलीभीत में घर में हुई लाखों रुपये के आभूषण और नकदी की चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, गृहस्वामी की बेटी ने अपने शादीशुदा प्रेमी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी. वारदात के बाद युवती ने घर में अज्ञात चोरों के घुसने की कहानी सुनाकर परिजनों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए आभूषण और 10 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है.
छह अगस्त की रात हुई थी चोरी
कोतवाली क्षेत्र के हुसैनापुर गांव में छह अगस्त की रात एक व्यक्ति के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी. गृहस्वामी ने पुलिस को बताया था कि करीब छह चोर घर में घुसे और अलमारी में रखे आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए. मामले की जांच के लिए पुलिस और एसओजी की टीम को लगाया गया था.
सात साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस जांच में सामने आया कि गृहस्वामी की बेटी का चंदिया हजारा निवासी प्रशेन सरकार से करीब सात वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. प्रशेन सरकार शादीशुदा है और हुसैनापुर में कथित तौर पर अवैध क्लीनिक चलाता था. पुलिस के अनुसार, दोनों ने शादी करने के लिए घर से भागने की योजना बनाई थी. इसके लिए पैसों की जरूरत थी, जिसके बाद दोनों ने घर में रखे आभूषण और नकदी चोरी करने की साजिश रची.
दवा देने के बहाने घर पहुंचा प्रेमी
पुलिस के मुताबिक, युवती ने पांच अगस्त को प्रशेन सरकार को दवा देने के बहाने घर बुलाया था. उस समय परिवार के लोग घर पर मौजूद नहीं थे. घर की अलमारी में रखे आभूषणों के बॉक्स पर कोड लॉक लगा था, जिसका नंबर युवती, उसकी भाभी और भाई को पता था. पुलिस का दावा है कि युवती ने प्रेमी की मदद से बॉक्स खोलकर आभूषण और नकदी निकाल ली. इसके बाद कुछ आभूषण घर के पास खाली जगह में गड्ढा खोदकर दबा दिए, जबकि बाकी आभूषण प्रेमी को दे दिए.
पूछताछ में बदलती रही कहानी, ऐसे खुला राज
चोरी के बाद युवती ने परिजनों को अज्ञात चोरों के घर में घुसने की कहानी बताई. पुलिस की पूछताछ में वह बार-बार अपना बयान बदलती रही. शक बढ़ने पर पुलिस ने प्रशेन सरकार को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की. इसके बाद पुलिस उसे लेकर युवती के घर पहुंची और चोरी के आभूषण बरामद कराने को कहा. युवती ने पहले पुलिस को भूसे के कमरे में आभूषण तलाशने के लिए भेजा, लेकिन बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर घर के पास गड्ढे में दबाए गए आभूषण बरामद करा दिए.
चोरी का पूरा सामान बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके कब्जे से एक हार, दो अंगूठियां, मांग टीका, नथ, मंगलसूत्र, झाले, एक जोड़ी पायल, कमरबिछुआ, करधनी, एक जोड़ी खड़ुआ और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं. कोतवाल पवन कुमार पांडे के अनुसार, चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है. दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
Also Read: रेल यात्रियों के लिए गुड न्यूज, अब हर ट्रेन में बढ़ेगा जनरल कोच, आम यात्रियों को मिलेगी राहत
