UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हजरतगंज स्थित चार मंजिला सरकारी इमारत जवाहर भवन में भीषण आग लग गई. आग भवन की चौथी मंजिल पर स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और कैंटीन में लगी, जिसके बाद ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
ऑफिस समय में मची अफरा-तफरी
घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है. उस समय अधिकांश कर्मचारी कार्यालय पहुंच चुके थे. आग लगते ही भवन में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सरकारी इमारत में अचानक धुआं भरने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि उससे उठ रहा काला धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से भी नजर आ रहा था. जवाहर भवन राजधानी के पॉश इलाके हजरतगंज में स्थित है और विधानसभा से इसकी दूरी लगभग दो किलोमीटर है. धुएं का गुबार देखकर आसपास मौजूद लोग भी घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे.
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आग पूरी तरह बुझने के बाद विभागीय टीम मौके का निरीक्षण करेगी, जिसके आधार पर घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी. जवाहर भवन में प्रदेश सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय संचालित होते हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्य करते हैं. राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए. फिलहाल दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
Must Read- बारिश के बीच ढही कच्चे मकान की छत, मुजफ्फरनगर में पिता और 4 बच्चों की दर्दनाक मौत
