UP News: लखनऊ की मलिक टिंबर स्थित जनता मार्केट में सार्वजनिक शौचालय बंद होने से नाराज व्यापारियों ने रविवार शाम नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया. व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीने से टॉयलेट बंद होने के कारण दुकानदारों, कर्मचारियों और खासकर महिला ग्राहकों व महिला कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने जल्द समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी.
टॉयलेट बंद होने से बढ़ी परेशानी, नगर निगम पर अनदेखी का आरोप
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि सार्वजनिक शौचालय पर ताला लगा होने की शिकायत कई बार नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला. उनका कहना है कि टॉयलेट बंद होने से पुरुष व्यापारियों को सड़क किनारे जाने की मजबूरी है, जबकि महिला कर्मचारी और ग्राहक आसपास के घरों या अन्य स्थानों पर जाने को विवश हैं.
पार्किंग में वेंडिंग जोन बनने से भी बढ़ी मुश्किलें
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मार्केट के बाहर एलडीए की ओर से बनाई गई पार्किंग को नगर निगम ने वेंडिंग जोन में बदल दिया है. इसके चलते सड़क किनारे ठेले-खोमचे लगने से ग्राहकों के वाहन खड़े करने में परेशानी हो रही है. उनका कहना है कि शाम के समय सड़क पर अव्यवस्था बढ़ने से महिला ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है. वहीं, टॉयलेट के पास बने यूरिनल की लंबे समय से सफाई नहीं होने से आसपास के दुकानदारों को बदबू की समस्या भी झेलनी पड़ रही है.
नगर निगम ने बताया बंद करने का कारण
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को मेयर से मुलाकात कर समस्या उठाने का भरोसा दिया. वहीं, स्थानीय पार्षद संजय राठौर ने टॉयलेट बंद कराने के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सर्वे के दौरान गंदगी मिलने के कारण इसे अस्थायी रूप से बंद किया गया है. नगर निगम के पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान के अनुसार, शौचालय का मल नालियों में जाने से गंदगी फैल रही थी. इसे ठीक कराने का काम शुरू किया जा रहा है और एक सप्ताह के भीतर शौचालय दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा.
Must Read- 'Ola' वाली लव स्टोरी का खौफनाक अंत, लखनऊ में पत्नी की हत्या कर रचा गुमशुदगी का नाटक
