UP News: LPG गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. गैस कंपनियों ने घरेलू गैस कनेक्शन की e-KYC कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी है. पहले इसके लिए 15 अगस्त तक की समयसीमा तय की गई थी. हालांकि, बदायूं में अभी भी करीब डेढ़ लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी सत्यापन बाकी है. ऐसे में उपभोक्ताओं के पास प्रक्रिया पूरी करने के लिए अब कुछ और दिन का मौका है.
गैस एजेंसी से लेकर ऑनलाइन तक सुविधा
जिला आपूर्ति विभाग के अनुसार, उपभोक्ता नजदीकी गैस एजेंसी या सीएचसी केंद्र पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं. इसके अलावा ऑनलाइन पोर्टल या संबंधित गैस कंपनी के एप के माध्यम से भी सत्यापन की सुविधा उपलब्ध है. ई-केवाईसी के लिए उपभोक्ता के पास आधार कार्ड और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर होना जरूरी है.
फोटो और OTP से होगा सत्यापन
ई-केवाईसी प्रक्रिया के दौरान उपभोक्ता के चेहरे का फोटो लिया जा रहा है. इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी के जरिए प्रमाणीकरण किया जाता है. गैस कंपनियां लगातार उपभोक्ताओं से अपील कर रही हैं कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना सत्यापन पूरा करा लें.
KYC नहीं कराने पर आपूर्ति हो सकती है प्रभावित
जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा ने बताया कि 23 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की सब्सिडी और गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. ऐसे में जिन उपभोक्ताओं का सत्यापन अभी बाकी है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी पूरी कराने की सलाह दी गई है.
