UP News: कासगंज के शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा गांव में मगरमच्छ को मारकर खेत में दफनाने के मामले में पुलिस ने 13 नामजद ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू की. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
वायरल वीडियो से खुला मामला
वन रक्षक और नदरई रेंज के बीट प्रभारी आकाश कुमार की तहरीर पर शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि सात अगस्त को सोशल मीडिया पर मगरमच्छ को मारे जाने का वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में कुछ लोग भाले और लोहे की सरिया से मगरमच्छ को मारते दिखाई दे रहे थे. वीडियो में दिखाई गई घटना छह अगस्त की सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई गई.
घर में घुसा था मगरमच्छ
वन विभाग की टीम क्षेत्रीय वन अधिकारी कासगंज रेंज विवेक कुमार, अनुभाग अधिकारी चिरंजी लाल और अन्य कर्मचारियों के साथ मोहनपुरा गांव पहुंची. पूछताछ में पता चला कि छह अगस्त की सुबह करीब साढ़े तीन बजे राजेश पुत्र राम सिंह के घर में मगरमच्छ घुस आया था. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. आरोप है कि ग्रामीणों ने मगरमच्छ को मार दिया और उसके शव को सुनील उर्फ गुड्डू पुत्र बहादुर सिंह के खेत में दफना दिया.
खेत से निकाला गया मगरमच्छ का शव
मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने खेत में गड्ढा खुदवाकर मगरमच्छ के शव को बाहर निकलवाया. इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई की गई. वायरल वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान कराई गई. पुलिस ने अमन पुत्र प्रेम सिंह, अमित पुत्र प्रेम सिंह, तालेवर पुत्र बच्चू सिंह, राजेश पुत्र राम सिंह, मोहित पुत्र अरविंद, अवनीश पुत्र कुंवरपाल, हाकिम पुत्र खान सहाय, सतेंद्र पुत्र पुष्पेंद्र, बच्चू पुत्र केदारी सिंह, कुंवरपाल, पंकज पुत्र सुरेश, नीरज देवी पत्नी कुंवरपाल और मीनू पुत्र मुनीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.
अमन गिरफ्तार, अन्य की तलाश
मामले में पुलिस ने आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है. आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया. वहीं, नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है. वन विभाग के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू की गई थी.
