गाजियाबाद में 32 मंजिला इमारत के पास धंसी सड़क, 20 फीट गड्ढे में समाई कार और स्कूटी

UP News: गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में लगातार बारिश के कारण एक बड़ा हादसा हुआ. निर्माणाधीन 32 मंजिला इमारत के पास मुख्य सड़क अचानक धंस गई, जिससे कार और स्कूटी करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गईं. राहत की बात यह है कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ.

UP News: गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में गुरुवार को लगातार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया. एक निर्माणाधीन 32 मंजिला इमारत के पास मुख्य सड़क अचानक धंस गई, जिससे कार और स्कूटी करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गईं. राहत की बात रही कि हादसे के समय किसी की जान नहीं गई.

बारिश के बीच अचानक धंसी सड़क

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के निकट सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया. सड़क किनारे खड़ी एक कार और स्कूटी देखते ही देखते गहरे गड्ढे में समा गईं. हादसे के साथ ही पास में लगा बिजली का खंभा भी जमीन में धंस गया. घटना के समय वाहनों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.

बिल्डर पर लापरवाही का आरोप

अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने निर्माण कार्य करा रहे बिल्डर पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि निर्माण स्थल के चारों ओर केवल टीनशेड लगाई गई थी, जबकि बारिश के मौसम को देखते हुए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई. लगातार बारिश से जमीन के भीतर पानी का रिसाव हुआ, जिसके कारण मिट्टी कमजोर पड़ गई और सड़क धंस गई.

क्रेन से निकाले गए वाहन

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. निर्माण स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने क्रेन बुलाकर बचाव कार्य शुरू कराया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कार, स्कूटी और बिजली के खंभे को बाहर निकाला गया. सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया. एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >