UP News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की ड्यूटी पर जा रहे एक हेड कॉन्स्टेबल की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई. कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई. हादसे में उनकी मौके पर ही जान चली गई, जबकि कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा
प्रयागराज निवासी हेड कॉन्स्टेबल रामप्रवेश यादव पिछले दो वर्षों से फतेहपुर के धाता थाने में तैनात थे. मुख्यमंत्री के जनसभा कार्यक्रम में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी. शनिवार सुबह वह बाइक से कार्यक्रम स्थल के लिए निकले थे. हसवा के पास कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े कंटेनर के पीछे जा टकराई, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला.
मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायल हेड कॉन्स्टेबल को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की खबर मिलते ही परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई.
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. वहीं, कंटेनर छोड़कर फरार हुए चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Must Read- अमेठी में लोडिंग के दौरान हुआ हादसा, साइडिंग लाइन पर पटरी से उतरे मालगाड़ी के 7 डिब्बे
