UP News: लखनऊ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास से ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि “कुछ लोगों के लिए सत्ता सर्वोपरि थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम का भाव है.” उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रतीकों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना की अभिव्यक्ति है. यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए.
युवाओं की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुबह 8:30 बजे तक तिरंगा यात्रा में 25 हजार से अधिक युवाओं की मौजूदगी हो चुकी थी और बाद में यह संख्या 30 हजार से ऊपर पहुंच गई. उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभा और ऊर्जा का प्रतीक हैं तथा देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखते हैं. तिरंगा यात्रा युवाओं को देश और समाज की चुनौतियों के लिए तैयार करने की भावना से शुरू की जा रही है.
प्रधानमंत्री मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ भाव का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रतीकों, युवाओं, गरीबों, महिलाओं और किसानों को आगे बढ़ने के लिए योजनाओं और अवसरों का मंच दिया है. उन्होंने कहा कि इसी ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना की अभिव्यक्ति तिरंगा यात्रा में दिखाई दे रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है.
घर-घर तिरंगा फहराने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा और उससे पहले यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दे रही है. उन्होंने झंडा संहिता में किए गए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि अब आम नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहरा सकते हैं. योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को अपने घर की छत पर आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे को फहराने की आजादी दी है.
15 अगस्त तक प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई यात्रा हजरतगंज स्थित लोकभवन तक पहुंची. भाजपा के अभियान के तहत 10, 11 और 12 अगस्त को प्रदेश के सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी. 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों सहित अलग-अलग स्थानों पर यात्राएं आयोजित होंगी. 14 अगस्त को विभाजन-विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस और संगोष्ठियां होंगी, जबकि 13 से 15 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा.
Also Read: झाड़-फूंक के बहाने हैवानियत! पिता से बोला- बाहर जाइए, बेटी को किया बेहोश और फिर...
