ललिता गौतम के परिवार से मिले CM योगी, 5 लाख की सहायता, आवास और सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से देने का भरोसा दिलाया.

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी.

लापरवाही बरतने वालों पर भी होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को गाजियाबाद लाया गया था. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए.

5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और आवास मिलेगा

पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई. इसके अलावा मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.

सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी.

वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री की इस बैठक के दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण, मंडलायुक्त, डीआईजी सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Must Read- ब्रांडेड दवाओं के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़, लखनऊ में 4.37 लाख की संदिग्ध दवाएं जब्त


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >