गोरखपुर को CM योगी देंगे 995 करोड़ की सौगात, जानिए किन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जुलाई को गोरखपुर का दौरा कर रहे हैं. इस दौरान वह शहर को 995 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इसमें 4 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है.

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जुलाई को गोरखपुर दौरे पर शहर को 995 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इस दौरान वह 813.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री की जनसभा देवरिया बाईपास स्थित सिक्सलेन फ्लाईओवर के समीप आयोजित होगी.

सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत चार परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर बने 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे, जिसे गोरखपुर की यातायात व्यवस्था और अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. इससे लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को बेहतर सुविधा मिलेगी. इसके अलावा पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक फोरलेन सड़क, एयरफोर्स स्टेशन स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग और थाना गुलरिहा में हॉस्टल-बैरक निर्माण परियोजना का भी लोकार्पण होगा.

शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और यातायात को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री 10 नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे. इनमें श्रमजीवी महिला छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और विश्वविद्यालय चौक के पास साइंस म्यूजियम जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं. वहीं नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

शहर की आधारभूत सुविधाओं का होगा विस्तार

विकास योजनाओं के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड और नाली निर्माण के कार्य भी शुरू किए जाएंगे. इसके अलावा राप्तीनगर डिपो कार्यशाला की टायर शॉप के उच्चीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से गोरखपुर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी.

विकास परियोजनाओं पर रहेगा मुख्यमंत्री का फोकस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा गोरखपुर के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और यातायात व्यवस्था को नई गति देने वाला माना जा रहा है. सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से शहर के विकास को रफ्तार मिलेगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

Must Read- अखिलेश यादव की हिरासत पर लखनऊ में संग्राम, विधानसभा घेरने पहुंचे सपा के दिग्गज नेता


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >