UP News: गोरखपुर में सोमवार देर रात उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू मुठभेड़ में मारा गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस हिरासत से फरार होने समेत 10 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे. मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है.
सूचना मिलने पर STF और पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे एसटीएफ गोरखपुर यूनिट को सूचना मिली कि आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र के खुन्दनपुर निवासी वांछित अपराधी मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू रामनगर करजहा से कुशीनगर की ओर जाने वाला है. सूचना मिलते ही एसटीएफ और खोराबार थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में रहमान गोली लगने से घायल हो गया. मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस दौरान हुई गोलीबारी में मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
बसपा नेता की हत्या के मामले में था वांछित
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुस्तफिजुल रहमान पर हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी, चोरी और पुलिस हिरासत से फरार होने सहित 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. वर्ष 2021 में आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र में बसपा नेता कमालू की हत्या के मामले में उस पर एडीजी वाराणसी की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद वह उत्तर प्रदेश छोड़कर गुजरात फरार हो गया था.
पुलिस हिरासत से फरार होने का भी दर्ज है मामला
रहमान के खिलाफ वर्ष 2024 में महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण जिले में पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला भी दर्ज हुआ था. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था.
हथियार और कारतूस बरामद, नेटवर्क की जांच जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस और खोखे तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है. एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पुलिस अब बदमाश के आपराधिक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है.
Must Read- नेपाल भाग रहा अमेरिकी पकड़ा, 7 महीने बिना पासपोर्ट भारत में
