"गर्भावस्था के आधार पर नौकरी से नहीं कर सकते वंचित", इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोबारा PET का दिया आदेश

UP News: गर्भावस्था सरकारी नौकरी पाने में बाधा नहीं बन सकती. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने महिला अभ्यर्थी के पक्ष में बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने यूपीएसएसएससी को दोबारा पीईटी कराने का आदेश दिया है.

UP News: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने महिला अभ्यर्थियों के अधिकारों से जुड़े एक अहम मामले में बड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने कहा कि गर्भावस्था सरकारी नौकरी पाने में बाधा नहीं बन सकती और इसी आधार पर वन रक्षक भर्ती की अभ्यर्थी कोमल जायसवाल की दोबारा पीईटी कराने का आदेश यूपीएसएसएससी को दिया है.

कोर्ट ने आयोग का फैसला किया निरस्त

मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति जसप्रीत सिंह की खंडपीठ ने कोमल जायसवाल की विशेष अपील स्वीकार करते हुए आयोग के उस निर्णय को रद्द कर दिया, जिसमें उनकी पीईटी स्थगित करने की मांग खारिज कर दी गई थी. अदालत ने कहा कि यदि नियमों में परीक्षा स्थगित करने पर स्पष्ट रोक नहीं है, तो आयोग को ऐसे मामलों में संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए.

गर्भावस्था के कारण नहीं दे सकीं थीं पीईटी

कोमल जायसवाल ने वर्ष 2023 की वन रक्षक एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी. हालांकि, शारीरिक दक्षता परीक्षा के समय वह नौ माह की गर्भवती थीं. उन्होंने आयोग से बाद में पीईटी कराने का अनुरोध किया था, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए इसे अस्वीकार कर दिया गया. इसके बाद उनकी याचिका एकल पीठ ने भी खारिज कर दी थी, जिसके खिलाफ उन्होंने विशेष अपील दाखिल की.

चार सप्ताह में दोबारा परीक्षा कराने का आदेश

खंडपीठ ने अपने फैसले में कहा कि विवाह और मातृत्व किसी महिला की नियुक्ति में बाधा नहीं बन सकते. अदालत ने यह भी माना कि लिखित परीक्षा और पीईटी के बीच दो वर्ष से अधिक का अंतर रहा, ऐसे में इस दौरान विवाह और गर्भधारण स्वाभाविक है. कोर्ट ने आयोग को चार सप्ताह के भीतर कोमल जायसवाल की दोबारा पीईटी कराने का निर्देश दिया है. साथ ही कहा कि यदि वह पीईटी, मेडिकल परीक्षण और मेरिट में सफल होती हैं, तो उन्हें उसी तिथि से नियुक्ति का लाभ दिया जाए, जिस दिन उनसे कम मेरिट वाले अभ्यर्थी को नियुक्ति मिली थी. इसके अलावा, ओबीसी महिला वर्ग का एक पद अगली सुनवाई तक रिक्त रखने का भी आदेश दिया गया है.

Must Read- लखनऊ नगर निगम में BJP की नई टीम तय, मुन्ना मिश्रा बने उपनेता, देखें नए पदाधिकारियों की पूरी लिस्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >