UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार (18 जुलाई) को प्रदेश के 31 जिलों में भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 से 21 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश होगी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी.
गोरखपुर से वाराणसी तक झमाझम बारिश, तापमान में आई गिरावट
शुक्रवार को गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई. लगातार हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली. मौसम विभाग का कहना है कि रविवार और सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
मौसम वैज्ञानिकों ने बताई बारिश की बड़ी वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों को मजबूती दे रहा है. अगले 24 घंटे में यह सिस्टम पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ सकता है. इसके अलावा भूमध्य रेखा के पास विकसित हो रहा नया मौसम तंत्र भी मानसून को और मजबूत करेगा. इसी कारण अगले सात दिनों तक प्रदेश में व्यापक और अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है.
इन 31 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, उनमें बिजनौर, मुरादाबाद, सहारनपुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, सोनभद्र और चंदौली शामिल हैं. इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
नदियों का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने जारी की सतर्कता
लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश की नदियों पर भी दिखने लगा है. बलिया और बाराबंकी में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि बिजनौर की मलान नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के समय खुले मैदान या पेड़ों के नीचे न रुकने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से भी मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखने को कहा गया है.
यह भी पढ़ें: मेरठ का रहस्यमयी किला, जहां राजा परीक्षित को मिला श्राप, तक्षक नाग ने बदली इतिहास की दिशा
