UP News: अब घर बनवाने, मरम्मत कराने या किसी भी निर्माण कार्य के लिए मजदूर, मिस्त्री या ठेकेदार ढूंढने के लिए लेबर चौक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इसी बीच उत्तर प्रदेश श्रम विभाग ने 'यूपी डिजिटल लेबर चौक' मोबाइल ऐप लॉन्च किया है. इस ऐप के जरिए लोग अपनी जरूरत के अनुसार घर बैठे मजदूर और मिस्त्री बुक कर सकेंगे. वहीं, मजदूरों को भी काम की तलाश में धूप, ठंड और बारिश में घंटों सड़क किनारे खड़ा नहीं रहना पड़ेगा.
मजदूरों को मिलेगी बड़ी राहत
अब तक रोज काम की तलाश में मजदूर सुबह-सुबह अलग-अलग लेबर चौक पर पहुंचकर घंटों इंतजार करते थे. कई बार उन्हें काम नहीं मिल पाता था. लेकिन अब इस डिजिटल ऐप के जरिए ठेकेदार और काम देने वाले लोग सीधे मजदूरों से संपर्क कर सकेंगे. इससे मजदूरों को समय पर काम मिलेगा और उन्हें मौसम की मार भी नहीं झेलनी पड़ेगी.
शुरू हुआ पंजीकरण अभियान
श्रम विभाग 'विज्ञान फाउंडेशन' के सहयोग से शहर के अलग-अलग श्रमिक अड्डों पर पंजीकरण अभियान चला रहा है. विभाग का लक्ष्य पहले महीने में 10 हजार मजदूरों का ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराने का है. इसी अभियान के तहत बुधवार और गुरुवार को छपेड़ा पुलिया पर विशेष शिविर लगाया जा रहा है. यहां मजदूरों का पंजीकरण ऐप के साथ-साथ उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में भी किया जाएगा.
कानपुर के 22 लेबर चौकों पर चल रहा अभियान
फिलहाल कानपुर के 22 प्रमुख लेबर चौकों और बाजारों से मजदूरों को इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है. इनमें संतलाल नगर चौराहा, बकरमंडी रावतपुर बाजार, पराग डेयरी नहर बाजार, छपेड़ा पुलिया काकादेव, गोविंद नगर बाटा चौराहा, सीसामऊ बाजार, मूलगंज चौराहा, किदवई नगर चौराहा, हरजिंदर नगर चौराहा, नवाबगंज, गुजैनी बाजार, कल्याणपुर बाजार, नौबस्ता बाजार, जाजमऊ बाजार, बिरहाना रोड बाजार, दादा नगर बाजार, पनकी पड़ाव बाजार, डिप्टी पड़ाव बाजार, गोपाल नगर बाजार, बिठूर बाजार, लोहिया फैक्ट्री बाजार और ग्वालटोली बाजार शामिल हैं.
मिस्ड कॉल से भी होगा रजिस्ट्रेशन
अपर श्रमायुक्त शमीम अख्तर ने बताया कि कई मजदूर स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं कर पाते या ऐप डाउनलोड करना उनके लिए आसान नहीं होता. इसे ध्यान में रखते हुए विभाग एक ऐसी व्यवस्था तैयार कर रहा है, जिसमें मजदूर सिर्फ एक मिस्ड कॉल देकर भी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे.
लाखों मजदूरों को मिलेगा फायदा
कानपुर जिले में इस समय 6,89,014 मजदूर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत हैं. इन मजदूरों को सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता है. श्रम विभाग ने मजदूरों से अपील की है कि योजनाओं का लाभ लगातार मिलता रहे, इसके लिए समय-समय पर अपना अंशदान जमा करें और सदस्यता का नवीनीकरण जरूर कराते रहें.
