UP Crime News: गाजियाबाद के मोदीनगर में 150 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात करीब 12 बजे आरोपी निखिल (32) शराब के नशे में घर पहुंचा. पिता हरिओम चौधरी (52) ने उसे शराब पीकर आने पर डांट दिया. इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि निखिल ने अवैध पिस्टल निकालकर पिता के चेहरे, सीने और पेट में ताबड़तोड़ छह गोलियां दाग दीं.
मां और छोटे बेटे के सामने हुई वारदात
गोली चलने की आवाज सुनकर हरिओम की पत्नी अनीता और छोटा बेटा नीशू मौके पर पहुंचे. उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी कई गोलियां चला चुका था. गंभीर रूप से घायल हरिओम को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पति का शव देखते ही पत्नी बिलख पड़ी और आरोपी बेटे से कहा, "तूने पूरा घर उजाड़ दिया." वारदात के बाद निखिल मौके से फरार हो गया.
150 करोड़ की संपत्ति को लेकर बना था दबाव
पुलिस के अनुसार, हरिओम चौधरी मोदीनगर के बुदाना गांव के संपन्न किसान थे. उनके नाम पर करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड स्थित जीवन अस्पताल के सामने एक मार्केट है. उनकी कुल संपत्ति लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है. परिवार में पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल और छोटा बेटा नीशू हैं.
25 बीघा जमीन और दुकानें मिलने के बाद भी नहीं था संतोष
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि निखिल शराब का आदी है और इसी वजह से उसका पिता से अक्सर विवाद होता था. हरिओम पहले ही उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट में कुछ दुकानें दे चुके थे, लेकिन निखिल पूरी संपत्ति अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था. हरिओम को आशंका थी कि बेटा जमीन बेचकर पैसा शराब में उड़ा देगा, इसलिए उन्होंने बाकी संपत्ति अपने नाम करने से इनकार कर दिया था.
पहले भी छोटे भाई पर चला चुका है गोली
जांच में सामने आया है कि करीब आठ साल पहले निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चला दी थी. हालांकि उस घटना में नीशू की जान बच गई थी. इस पुराने विवाद के बावजूद परिवार में तनाव बना हुआ था.
चार टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जमीन विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है.
Must Read- योगी सरकार का मास्टर प्लान, लाखों शिक्षकों को मिलेगा बीमा से लेकर सामाजिक सुरक्षा तक का लाभ
