UP Crime News: झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक रेस्टोरेंट के भीतर सनसनीखेज वारदात हुई. महिला प्रधान के बेटे और एलएलबी छात्र संजय सिंह की अज्ञात हमलावर ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात उस समय हुई, जब वह अपने दोस्तों के साथ खाना खा रहे थे. घटना के बाद आरोपी साथी के साथ बाइक से फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
खाना खाते समय सिर में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, हैवतपुरा गांव की प्रधान रामदेवी के बेटे संजय सिंह गुरुवार रात अपने चार दोस्तों के साथ इलाइट चौराहे के पास स्थित 'द मेड किचन' रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे. इसी दौरान काले कपड़े पहने एक युवक दबे पांव उनके पास पहुंचा और सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी. गोली लगते ही संजय जमीन पर गिर पड़े. दोस्त उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
दतिया से लौटने के बाद हुआ हमला
संजय के दोस्तों ने बताया कि सभी लोग दतिया स्थित पीतांबरा पीठ में दर्शन कर झांसी लौटे थे. इसके बाद वे रेस्टोरेंट में भोजन करने रुके थे. खाना खत्म होने ही वाला था कि अचानक हमलावर अंदर आया और वारदात को अंजाम देकर पार्किंग में खड़े अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया. रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों में घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मृतक के परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और हत्या की वजह की उन्हें जानकारी नहीं है. वहीं, एसएसपी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं. घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं और पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
Must Read- 74 KM गंगा-यमुना लिंक एक्सप्रेसवे से आसान होगा सफर, जानिए किन 56 गांवों को होगा लाभ
