फिरोजाबाद एनकाउंटर में चोरी गैंग का पर्दाफाश, आगरा के 5 शातिर चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

UP Crime News: फिरोजाबाद में पुलिस ने एक बड़े चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है. मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, अवैध हथियार और औजार भी बरामद किए हैं.

UP Crime News: फिरोजाबाद के नसीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आगरा के एक सक्रिय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. आरोपियों के कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण, अवैध हथियार, कारतूस और दीवार तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं.

11 जुलाई की चोरी का हुआ खुलासा

एसपी देहात अनुज चौधरी ने बताया कि 11 जुलाई 2026 की रात नसीरपुर थाना क्षेत्र के रहल गांव में भंवर सिंह के घर चोरी की वारदात हुई थी. चोरों ने करीब चार इंच मोटी ईंट की दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया और बक्सों व अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

मुखबिर की सूचना पर जंगल में हुई घेराबंदी

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की. इसी दौरान रविवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रपड़ी के जंगल में कुछ बदमाश चोरी की नई वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी.

फायरिंग के बाद पांचों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में तेज सिंह निवासी फतेहाबाद, आगरा के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया. वहीं गैंगस्टर नैमीचंद निवासी धारापुरा (फतेहाबाद), सुरेशचंद निवासी साहिदपुर (फतेहाबाद), सियाराम और राधेश्याम निवासी बिप्रावली भावनाथ की ठार (थाना पिनाहट, आगरा) को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया.

आभूषण, हथियार और चोरी के औजार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक करधनी, तीन जोड़ी चांदी की पायल, बच्चों के दो कड़े, दो 315 बोर के तमंचे, दो कारतूस, तीन खोखा कारतूस, दीवार तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले तीन छोटे सब्बल, चाबियों का गुच्छा और एक बड़ी रिंच बरामद की है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी शातिर नकबजन हैं और आसपास के कई जिलों में चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है.

Must Read- CNG कार में विस्फोट के बाद भड़की आग, यूपी में ब्लास्ट के बाद जिंदा जलकर दो लोगों की मौत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >