UP विधानसभा चुनाव से पहले खतरे की आशंका, अखिलेश-मायावती समेत 44 नेताओं के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट

UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है. इसी बीच, अखिलेश यादव, मायावती समेत 44 प्रमुख नेताओं के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदने की प्रक्रिया पूरी हो गई है. जानें इस सुरक्षा उपाय के पीछे क्या है कारण.

UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के साथ ही प्रमुख नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गयी है. योगी सरकार ने सुरक्षा समीक्षा के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती समेत 44 नेताओं के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदने की प्रक्रिया पूरी की है. इसके अलावा प्रदेश सरकार के 11 मंत्रियों को भी ऐसी जैकेट उपलब्ध कराये जाने की जानकारी सामने आयी है.

करीब 10 लाख रुपये बतायी जा रही एक जैकेट की कीमत

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा मुख्यालय की ओर से इन जैकेट की खरीद की गयी है. एक जैकेट की कीमत करीब 10 लाख रुपये बतायी जा रही है. कुछ नेताओं और मंत्रियों को जैकेट उपलब्ध भी कराये जाने की बात सामने आयी है. हालांकि, सरकार ने आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन विशेष सुरक्षा इनपुट या खतरे के आकलन के आधार पर यह फैसला लिया गया है.

अखिलेश और मायावती के अलावा इन नेताओं के नाम भी चर्चा में

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिन प्रमुख नामों की चर्चा है, उनमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती के अलावा मंत्री संजय निषाद और नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' शामिल हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा नेताओं संगीत सोम और सुरेश राणा को भी बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराये जाने की जानकारी सामने आयी है.

Y से लेकर Z+ सुरक्षा वाले नेताओं पर भी नजर

बताया जा रहा है कि इस सुरक्षा व्यवस्था में अलग-अलग सुरक्षा श्रेणी वाले नेताओं को शामिल किया गया है. इनमें Y श्रेणी से लेकर Z+ सुरक्षा प्राप्त नेता भी शामिल हैं. चुनाव के दौरान बड़े नेताओं के कार्यक्रम, जनसभाएं, रोड शो और लगातार बढ़ने वाली राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां संभावित चुनौतियों को लेकर सतर्क हैं.

सुरक्षा कारणों की आधिकारिक जानकारी नहीं

सरकार की ओर से फिलहाल यह नहीं बताया गया है कि बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने के पीछे किस तरह का विशेष खतरा या खुफिया इनपुट है. सुरक्षा मुख्यालय की ओर से यह कदम नेताओं की सुरक्षा को लेकर किये गये आकलन का हिस्सा माना जा रहा है.

चुनाव से पहले बढ़ेगी नेताओं की सुरक्षा चुनौती

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे जोर पकड़ रही हैं. राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के दौरे और सार्वजनिक कार्यक्रम आने वाले महीनों में बढ़ने की संभावना है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी. बुलेटप्रूफ जैकेट की व्यवस्था को इसी व्यापक सुरक्षा तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें: चश्मदीद ने खोला दिव्या मर्डर का राज! फेमस यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन को बैंक के बाहर पति ने क्यों मारी गोली?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By तिलक कुमार

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >