“शिकायत या जंग”… UP में आखिर ऐसा क्या हुआ कि शिक्षिका ने महिला दरोगा को थप्पड़ जड़े? वर्दी फाड़ने का भी आरोप, मुकदमा दर्ज

UP News: लखनऊ में एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ने थाने में तैनात महिला दरोगा पर मारपीट का आरोप लगाया है. शिकायत सुनने के दौरान शिक्षिका भड़क गईं और हाथापाई करने लगीं. मामले की जांच जारी है.

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में महानगर थाने में शिकायत लेकर पहुंची एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका पर महिला दरोगा से मारपीट करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, शिकायत सुनने के दौरान शिक्षिका अचानक भड़क गईं और महिला दरोगा के साथ हाथापाई करने लगीं. आरोप है कि उन्होंने महिला दरोगा को थप्पड़ भी मारा और उनकी वर्दी फाड़ने की कोशिश की. घटना के बाद महिला दरोगा की तहरीर पर शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया. वहीं, शिक्षिका ने पुलिस पर उनकी शिकायत नहीं सुनने का आरोप लगाया है.

विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं शिक्षिका

इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश कुमार मिश्र के मुताबिक, विज्ञानपुरी हल्का प्रभारी महिला दरोगा सान्या निरंजन शनिवार को क्षेत्र में गश्त पर थीं. इसी दौरान उन्नाव के सर्वोदयनगर निवासी शिक्षिका अंजली का विज्ञानपुरी क्षेत्र में किसी व्यक्ति से विवाद हो गया. विवाद के बाद शिक्षिका अपनी शिकायत लेकर महानगर थाने पहुंचीं.

शिकायत सुनने के दौरान शुरू हुई कहासुनी

पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद महिला दरोगा सान्या निरंजन भी थाने पहुंचीं. शिक्षिका ने उन्हें अपने साथ हुए विवाद की जानकारी दी. पुलिस का कहना है कि महिला दरोगा शिक्षिका की शिकायत पर कार्रवाई कर रही थीं. इसी दौरान आरोप है कि शिक्षिका अचानक भड़क गईं और महिला दरोगा से हाथापाई करने लगीं. वह जोर-जोर से चिल्लाने लगीं. पुलिस के मुताबिक, अन्य पुलिसकर्मियों के पहुंचने से पहले शिक्षिका ने महिला दरोगा को थप्पड़ मार दिया. आरोप यह भी है कि उन्होंने दरोगा की वर्दी फाड़ने का प्रयास किया. स्थिति बिगड़ने पर महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग किया.

महिला दरोगा की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद महिला दरोगा ने शिक्षिका के खिलाफ तहरीर दी. इंस्पेक्टर महानगर के मुताबिक, तहरीर के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शिक्षिका पीलीभीत जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं.

शिक्षिका का आरोप- मेरी शिकायत नहीं सुनी गई

वहीं, शिक्षिका ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपनी शिकायत नहीं सुने जाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि वह अपनी शिकायत लेकर महानगर थाने पहुंची थीं. शिक्षिका के मुताबिक, महिला दरोगा के थाने पहुंचने के बाद उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय वह दूसरे काम में व्यस्त हो गईं.

पुलिस बोली- प्राथमिक जांच में आरोप निराधार

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में शिक्षिका की ओर से लगाए गए आरोप निराधार पाए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, महिला दरोगा शिक्षिका की बात सुन रही थीं, लेकिन इसी दौरान शिक्षिका अचानक आक्रोशित हो गईं और हाथापाई करने लगीं. इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Must Read: UP के बुलंदशहर में चार बच्चों की मां भांजे संग फरार, पीछे छूट गए तीन बच्चे, पति ने SSP से लगाई गुहार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >