UP News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बाल झड़ने की समस्या और इलाज से फायदा नहीं मिलने से परेशान 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.किशोरी लंबे समय से सिर पर टोपी पहनकर बालों को छिपाती थी.12 अगस्त को उसका शव गांव के बाग में फंदे से लटका मिला.घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.
बीमारी के बाद झड़ गए थे सिर के बाल
मामला कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर कोट गांव का है.मृतका की पहचान मोनी उर्फ प्रिया निषाद के रूप में हुई है.उसके पिता उदयराज निषाद मजदूरी करते हैं.पिता के मुताबिक, करीब 4-5 साल पहले बीमारी के बाद मोनी के सिर के बाल पूरी तरह झड़ गए थे.इसके बाद वह शर्मिंदगी से बचने के लिए ज्यादातर समय सिर पर टोपी लगाए रहती थी.
इलाज से फायदा नहीं हुआ, बढ़ता गया तनाव
परिवार के अनुसार, पिछले 5-6 महीनों से मोनी का घरेलू इलाज चल रहा था, लेकिन उसे कोई फायदा नहीं हुआ.दवा लेने के बाद उसके सिर में दर्द बढ़ने लगा था.परिवार का कहना है कि बीमारी और इलाज से राहत नहीं मिलने के कारण वह तनाव और अवसाद में रहने लगी थी.मोनी पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी और पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी.
बकरियां चराने निकली थी किशोरी
12 अगस्त को मोनी घर से बकरियां चराने के लिए निकली थी.इसके बाद गांव के ही एक बाग में उसका शव फंदे से लटका मिला.परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई गई है.घर में पहले से ही रिश्तेदार शारदा देवी की किडनी की बीमारी के कारण डायलिसिस चल रही है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.नगर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. प्रारंभिक जांच में बीमारी और तनाव की बात सामने आई है.पुलिस मामले की जांच कर रही है.
