UP Crime: प्रदेश के सोनभद्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. बभनी थाना क्षेत्र के इकदिरी गांव में एक 27 वर्षीय युवक के साथ कथित तौर पर ऐसी बर्बरता की गयी, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया. आरोप है कि युवक को पहले पकड़कर बंधक बनाया गया और बेरहमी से पीटा गया. इसके बाद उसके कपड़े उतारकर उसे अर्धनग्न हालत में गांव में घुमाया गया. इतना ही नहीं, उसके प्राइवेट पार्ट में पत्थर बांधने, चेहरे पर चूना पोतने और जूते-चप्पलों की माला पहनाने का भी आरोप है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया.
बाजार से लौट रहा था युवक, रास्ते में रोककर घर ले जाने का आरोप
पुलिस को दी गयी शिकायत के मुताबिक इकदिरी गांव निवासी भोला गुरुवार को बाइक से बभनी बाजार गया था. दोपहर में बाजार से वापस लौटते समय करकच्छी गांव के पास कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसे रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन एक घर ले जाया गया, जहां बांधकर उसकी पिटाई की गयी. पीड़ित के भाई सरजू प्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में पूरी घटना की जानकारी दी है.
चूना पोता, चप्पलों की माला पहनाई और गांव में घुमाया
पीड़ित के भाई का आरोप है कि मारपीट के बाद युवक के कपड़े फाड़ दिये गये. इसके बाद उसके प्राइवेट पार्ट में पत्थर बांध दिया गया. उसके चेहरे पर चूना पोता गया और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे गांव में घुमाया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आयी. मामले ने इलाके में भी सनसनी फैला दी.
भाई बचाने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट
शिकायत के अनुसार जब सरजू प्रसाद अपनी पत्नी के साथ भाई को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. आरोप है कि उनकी पत्नी के बाल पकड़कर उन्हें घसीटा गया. घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने बभनी थाने में शिकायत दर्ज करायी. थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज के मुताबिक शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुरानी रंजिश में बदला लेने का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है. पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. वर्ष 2024 में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और एक महिला की ओर से युवक के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया गया था. वह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है.
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की भूमिका की जांच
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय और राजेंद्र नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है. वहीं, आरोपी पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गयी है. एक महिला ने युवक पर घर में घुसकर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि दूसरे पक्ष की शिकायत की भी जांच की जा रही है.
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से फैल गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच, वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. पुरानी रंजिश का बदला लेने के नाम पर किसी व्यक्ति के साथ इस तरह की कथित बर्बरता ने एक बार फिर कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
यह भी पढ़ें: UP का वो धाम, जहां शिव के तीसरे नेत्र से भस्म हुए थे कामदेव: आज भी जिंदा है जला हुआ आम का पेड़
