मारकुंडी घाटी की खाई में मिले पति-पत्नी के सड़े-गले शव, बाइक से हुई पहचान, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

सोनभद्र की मारकुंडी घाटी में पति-पत्नी के सड़े-गले शव मिलने से हड़कंप मच गया. खाई में बाइक के पास मिले शवों की पहचान काफी मशक्कत के बाद हुई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसा, आत्महत्या और अन्य पहलुओं से जांच शुरू कर दी है.

UP News: सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र की मारकुंडी घाटी में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गहरी खाई से बाइक समेत पति-पत्नी के सड़े-गले शव बरामद हुए। शवों की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सड़क हादसे समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

खाई में पड़े शवों पर स्थानीय लोगों की पड़ी नजर

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने मारकुंडी घाटी की गहरी खाई में दो शव पड़े देखे। शवों के पास लाल रंग की एक बाइक भी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल गुरमा पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने खाई से शवों को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

कई दिन पुराने थे शव, कीड़े पड़ चुके थे

पुलिस के अनुसार, दोनों शव पूरी तरह सड़-गल चुके थे और उनमें कीड़े पड़ गए थे। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत कई दिन पहले हुई होगी। काफी प्रयास के बाद मृतकों की पहचान रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बिच्छी निवासी 26 वर्षीय राहुल यादव और उनकी 24 वर्षीय पत्नी चंदा यादव उर्फ इंद्रावती के रूप में हुई। चंदा यादव का मायका चोपन थाना क्षेत्र के सलखन गांव में बताया गया है।

परिजनों को दी गई सूचना, घर में मचा कोहराम

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसा, आत्महत्या या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस

गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। पुलिस सड़क दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने में जुटी हुई है।


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >