सहारनपुर में सिपाही की पत्नी ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, बेटियों ने सुनी फायरिंग की आवाज तो कमरे में मिला खौफनाक मंजर

UP Crime: सहारनपुर के हकीकत नगर में एक सिपाही की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सर्विस राइफल से खुद को गोली मारने की आशंका है. पुलिस जांच में जुटी है.

UP Crime: सहारनपुर थाना सदर बाजार क्षेत्र के हकीकत नगर में शुक्रवार सुबह एक सिपाही की पत्नी की गोली लगने से मौत हो गई. महिला ने कथित तौर पर पति की सरकारी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी. गोली की आवाज सुनकर दोनों बेटियां कमरे में पहुंचीं तो मां को फर्श पर पड़ा देखकर सन्न रह गईं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका की पहचान सरिता (33) के रूप में हुई है. उनके पति रिंकू सिंह (37) पुलिस विभाग में सिपाही हैं और वर्तमान में सहारनपुर में खनन विभाग में तैनात बताए गए हैं. परिवार पिछले करीब दो-तीन वर्षों से हकीकत नगर में किराये के मकान में रह रहा था.

गोली की आवाज सुनकर दौड़ीं बेटियां

बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे रिंकू सिंह दूसरे कमरे में अपनी दोनों बेटियों के साथ थे. इसी दौरान दूसरे कमरे से गोली चलने की आवाज आई. रिंकू वहां पहुंचे तो सरिता फर्श पर पड़ी थीं और पास में सरकारी राइफल थी. आवाज सुनकर बेटियां भी कमरे में पहुंच गईं. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. पड़ोसियों की सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

पति-पत्नी के बीच नोकझोंक की बात आई सामने

पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं मान रही है. पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. मृतका के भाई प्रदीप कुमार ने बताया कि सरिता और उनके पति के बीच कभी-कभी नोकझोंक होती थी. उन्होंने यह भी बताया कि सरिता पहले नाराज होकर मायके जाने की बात कह चुकी थीं. भाई ने घर में सर्विस गन को लोडेड हालत में रखे जाने पर भी सवाल उठाया.

मकान मालिक ने सुनी थी पटाखे जैसी आवाज

मकान मालिक मनीष के मुताबिक, घटना के समय वह मकान की ऊपरी मंजिल पर था. करीब 11 बजे उसे पटाखा चलने जैसी आवाज सुनाई दी, लेकिन उसने उस समय इस पर ध्यान नहीं दिया. बाद में पड़ोस से फोन आने पर नीचे पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई. उसने घटना से पहले पति की ओर से गाली-गलौज जैसी आवाज सुनने की बात भी कही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी तस्वीर

पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक परिस्थितियां जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी. फिलहाल किसी एक वजह को घटना का कारण मानकर जांच आगे नहीं बढ़ाई जा रही है.

यह भी पढ़ें: लखनऊ में 101 अवैध इमारतों पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन का एक्शन प्लान तैयार, अलीगंज की 51 बिल्डिंग भी लिस्ट में शामिल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By तिलक कुमार

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >