Lucknow News: मां से सिरदर्द की दवा मांगना एक 15 वर्षीय किशोरी के लिए जिंदगी की आखिरी गलती साबित हुआ. लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में दर्द की दवा समझकर चूहे मारने की दवा खाने से किशोरी की मौत हो गई. मासूम ने मां के कहने पर किचन में रखे डिब्बे से एक पुड़िया निकाली और उसे दवा समझकर खा लिया. कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके. बेटी की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.
सिर में दर्द था, मां से मांगी थी दवा
रहीमाबाद थाना क्षेत्र के सुरगौला गांव निवासी किसान रामपाल की 15 वर्षीय बेटी शेजल को शुक्रवार सुबह सिर में तेज दर्द था. उसने अपनी मां जानकी से दर्द की दवा मांगी. मां ने किचन के ऊपर रखे डिब्बे में दवा होने की बात कहते हुए वहां से दवा निकालकर खाने को कहा. शेजल ने डिब्बे से एक पुड़िया निकाली और उसमें रखी चीज को दर्द की दवा समझकर खा लिया.
कुछ देर बाद बिगड़ने लगी हालत
दवा खाने के कुछ ही देर बाद शेजल की हालत अचानक खराब होने लगी. उसे उल्टियां होने लगीं और धीरे-धीरे वह बेहोशी की हालत में पहुंच गई. बेटी की बिगड़ती हालत देखकर परिवार के लोग घबरा गए. आनन-फानन में उसे पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने परिजनों से पूछा कि किशोरी ने कौन सी दवा खाई है.
डिब्बा खोला तो सामने आया दर्दनाक सच
डॉक्टरों के सवाल के बाद परिजनों को घर में रखी दवा को लेकर शक हुआ. शेजल के पिता रामपाल घर पहुंचे और किचन में रखे डिब्बे की जांच की. डिब्बे में रखी पुड़िया देखकर उनके होश उड़ गए. बेटी ने दर्द की गोली नहीं, बल्कि गलती से चूहे मारने की दवा खा ली थी. परिवार ने तुरंत डॉक्टरों को इसकी जानकारी दी.
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई जिंदगी की डोर
शेजल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे और इलाज की उम्मीद लगाए बैठे रहे. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद शेजल को मृत घोषित कर दिया. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. जिस बेटी ने कुछ देर पहले मां से दर्द की दवा मांगी थी, उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के मुताबिक, मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उधर, गांव में भी इस दर्दनाक घटना से शोक का माहौल है. एक छोटी सी गलतफहमी ने परिवार से उनकी 15 वर्षीय बेटी को हमेशा के लिए छीन लिया.
यह भी पढ़ें: UP के पूर्व विधायक गुड्डू पंडित ने कांग्रेस नेत्री को झाड़ू से पीटा, बाल पकड़कर घसीटा, मारपीट का VIDEO वायरल
