Shahjahanpur News: सब्जी तोड़ने की बात कहकर घर से निकले दो मासूम दोस्तों के लिए नदी का उफनता पानी 'काल' बन गया. निगोही थाना क्षेत्र के पतराजपुर गांव में सोमवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब कैमुआ रेलवे पुल के पास से दोनों के बेजान जिस्म बाहर निकले, तो पूरे गांव का कलेजा कांप उठा. इस दर्दनाक हादसे के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है और गांव में मातम पसरा हुआ है.
सब्जी तोड़ने की बात कहकर घर से निकले थे दोनों बच्चे
बताया जा रहा है कि विनय और करन घर से सब्जी तोड़ने की बात कहकर निकले थे. घूमते-घूमते दोनों नदी किनारे पहुंच गए. इस दौरान वे नहाने के लिए नदी में उतर गए. इन दिनों नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है. नहाते समय दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
बच्चों को डूबता देख मचा शोर, नदी किनारे जुटे ग्रामीण
दोनों बच्चों को नदी में डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और इसकी जानकारी उनके परिजनों को दी. हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए. सूचना पर निगोही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू कराई गई.
दो घंटे की मशक्कत के बाद मिले दोनों के शव
स्थानीय गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक नदी में तलाश की. कड़ी मशक्कत के बाद कैमुआ रेलवे पुल के पास दोनों बच्चों के शव नदी से बरामद किए गए. शव मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि दोनों बच्चों की मौत डूबने से हुई है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.
