Shahjahanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में शुक्रवार दोपहर एक बुजुर्ग की हत्या से सनसनी फैल गयी. पुवायां थाना क्षेत्र के सदापुर गांव में विवाद के दौरान 62 वर्षीय राम कृपाल के साथ पहले मारपीट की गयी. इसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या करने का आरोप है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
रिश्तेदार घर से बुलाकर ले गया, फिर हुआ विवाद
बताया गया कि राम कृपाल का कुछ रिश्तेदारों से विवाद चल रहा था. शुक्रवार दोपहर एक रिश्तेदार उन्हें घर से बुलाकर प्राथमिक विद्यालय के पास ले गया. वहां पहले से एक अन्य व्यक्ति मौजूद था. दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गयी.
जमीन पर गिरने के बाद गला दबाने का आरोप
आरोप है कि मारपीट के दौरान राम कृपाल जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद उनका गला दबा दिया गया. कुछ देर बाद वह अचेत अवस्था में मिले. घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल पहुंचीं पुलिस अधिकारी, परिजनों से ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ पुवायां प्रवीण मलिक और इंस्पेक्टर आरके रावत भी अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
दो संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में राम कृपाल के साथ मारपीट की बात सामने आयी है. हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और हत्या के पूरे घटनाक्रम की अभी जांच की जा रही है. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: दो युवतियों ने युवक को बनाया बंधक, जंजीर से बांधकर उतरवाए कपड़े, फिर बेरहमी से पीटा, कानपुर होटल का वीडियो वायरल
