संभल में 42 अधबने हथियार बरामद, दिन में बजरफुट बेचता था इकरार, रात में चलाता था ‘तमंचा फैक्ट्री, ऐसे खुला राज

UP Crime News: संभल में पुलिस ने अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. 42 अधबने और दो तैयार तमंचे बरामद हुए. इकरार गिरफ्तार, जबकि मोहम्मद ताहिर फरार है. जांच में 30 तमंचे बेचने का खुलासा हुआ.

UP Crime News : उत्तर प्रदेश के संभल में पुलिस ने अवैध तमंचे बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है. असमोली थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 42 अधबने और दो तैयार तमंचे बरामद किए हैं. इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले हैं. पुलिस ने मौके से इकरार को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मोहम्मद ताहिर फरार हो गया.

दिन में बजरफुट बेचता था इकरार, रात में बनाता था तमंचे

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी इकरार हीरापुर गांव का रहने वाला है. वह दिन में बजरफुट बेचने का काम करता था. इसके बाद रात में अवैध तमंचे बनाने वाली फैक्ट्री में पहुंच जाता था. पुलिस का कहना है कि दिन में सामान्य काम करने के कारण किसी को उस पर शक नहीं होता था. रात के समय फैक्ट्री में तमंचे तैयार किए जाते थे.

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने की छापेमारी

असमोली थाना पुलिस को हीरापुर गांव में अवैध तमंचे बनाने की फैक्ट्री चलाए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई की. असमोली थाना प्रभारी सुधीर पवार, इंस्पेक्टर क्राइम संजीव गिरी और सब इंस्पेक्टर अनुज चौहान की टीम ने गांव में घेराबंदी की और फैक्ट्री पर छापेमारी की.

42 अधबने और दो तैयार तमंचे मिले

पुलिस टीम ने फैक्ट्री की तलाशी ली तो वहां तमंचे बनाने का काम चल रहा था. पुलिस ने मौके से इकरार को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान 315 बोर के दो तैयार तमंचे और 42 अधबने तमंचे बरामद किए गए. इसके साथ ही तमंचे बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं.

तीन महीने से चल रही थी फैक्ट्री

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अवैध तमंचे बनाने वाली यह फैक्ट्री करीब तीन महीने से चल रही थी. इस दौरान करीब 30 तमंचे तैयार कर बाजार में बेचे जा चुके हैं. जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अब उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने इस फैक्ट्री से तमंचे खरीदे थे. पुलिस इन हथियारों को बरामद करने की भी कोशिश कर रही है.

अजीज को बताया गया मास्टरमाइंड

पूछताछ में पुलिस को अजीज नाम के एक व्यक्ति की जानकारी भी मिली है. पुलिस के मुताबिक, अजीज ने इकरार और फरार आरोपी मोहम्मद ताहिर को तमंचे बनाने की ट्रेनिंग दी थी. पुलिस अब अजीज की भूमिका की जांच कर रही है. साथ ही फैक्ट्री से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

मोहम्मद ताहिर पुलिस को चकमा देकर फरार

फैक्ट्री में इकरार के साथ मोहम्मद ताहिर भी शामिल था. पुलिस की छापेमारी के दौरान वह मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. फरार आरोपी पर जल्द इनाम घोषित किए जाने की बात कही गई है. वहीं, गिरफ्तार इकरार के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

30 तमंचे खरीदने वालों को ट्रेस कर रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में करीब 30 तमंचे बाजार में बेचे जाने की जानकारी सामने आई है. अब पुलिस उन लोगों को ट्रेस कर रही है, जिन्होंने ये हथियार खरीदे थे. पुलिस का लक्ष्य खरीदारों तक पहुंचकर अवैध तमंचे बरामद करना है. इसके साथ ही हथियारों की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.

15 अगस्त को इस्तेमाल की बात गलत

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस हाई अलर्ट पर है. सभी पुलिस विंग को अलर्ट किया गया है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इन अवैध तमंचों का इस्तेमाल 15 अगस्त को किया जाना था, ऐसा कहना गलत है. पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी, हथियार खरीदने वालों की पहचान और बाजार में बेचे गए तमंचों की बरामदगी पर काम कर रही है.

Must Read : यूपी में 15 अगस्त का मेगा प्लान तैयार, CM योगी लखनऊ तो केशव मौर्य प्रयागराज में फहराएंगे तिरंगा, मंत्रियों को बांटे गए जिले


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशी सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >